spot_img

Mumbai : नालों की सफाई में न हो ढिलाई मुंबई में ज्यादातर बड़े नाले कचरे से पटे पड़े

नालों की सफाई के लिए प्रक्रिया में सुस्ती

आगामी मानसून में मुंबई की दुर्दशा देखने को मिलेगी

मुंबई : मुंबई में नालों की सफाई का काम अब तक शुरू नहीं हो सका है। मुंबई में ज्यादातर बड़े नाले कचरे से पटे पड़े हैं। हालत यह है कि कचरे से पटे पड़े नालों को दूर से देखकर लंबी सुनसान सड़क का आभास होता है। वास्तविकता यह है कि मुंबई में नालों को स्थिति बद से बदतर हो गई है। राज्य सरकार के प्रशासक मुंबई में नालों की सफाई को लेकर दुर्लक्ष कर रहे हैं। मतलब ध्यान नहीं दे रहे हैं। बता दें कि जनवरी में ही नालों की सफाई के लिए प्रक्रिया शुरू की जाती है लेकिन इस बार जब मुंबई में राज्य सरकार का प्रशासक बैठा है, तब भी शहर में नालों की सफाई का काम नहीं किया जा रहा है।नालों में जमा कचरे के चलते मानसून के दौरान जलजमाव होता है। मुंबई के कई इलाके भारी बारिश के दौरान जलमग्न हो जाते हैं। यदि अभी से नालों की सफाई नहीं हुई तो आगामी मानसून में मुंबई की दुर्दशा देखने को मिलेगी। इस साल मुंबई में नाला सफाई के लिए जारी टेंडर को मनपा अब तक फाइनल नहीं कर पाई है। ऐसे में छोटे-बड़े नालों एवं नदियों की सफाई का काम समय पर पूरा होना मुश्किल है। यहां तक कि विधानसभा में मुंबई के नाला-सफाई का मुद्दा भी गूंजा। मुंबई में नाला सफाई में देरी का मुद्दा उठाया।

भारी बारिश के समय जगह-जगह बाढ़ जैसी पैदा हो जाएगी स्थिति
लिखित जवाब में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा था कि नाला सफाई का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है, लेकिन वे कोई ठोस जवाब नहीं दे पाए। मनपा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के रवि राजा ने मनपा प्रशासक पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अब तक नाला सफाई का काम शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन मनपा आयुक्त आई.एस. चहल नाला सफाई का टेंडर भी राज्य सरकार से पूछ कर निकाल रहे हैं। इसमें मुख्यमंत्री की अनुमति का इंतजार हो रहा है। मुंबईकरों की जान जोखिम में डालने का काम हो रहा है। समय से नालों की सफाई न होने से भारी बारिश के समय जगह-जगह बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो जाएगी।

Explore our articles