spot_img

Mumbai : कोल्हापुर में औरंगजेब संबंधी पाेस्ट को लेकर दो गुटों के बीच तनाव, लाठीचार्ज

स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में हैं: पुलिस अधीक्षक

मुंबई : कोल्हापुर में कई ठिकानों पर मंगलवार को व्हाट्सएप पर औरंगजेब संबंधी पोस्ट को लेकर दो गुटों में तनाव फैल गया। इस पोस्ट के विरोध में बड़ी संख्या में लोग लक्ष्मीपुरा पुलिस स्टेशन के सामने एकत्र होकर अपना विरोध जताने लगे। बाद में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना के विरोध में हिंदुत्ववादी संगठनों ने बुधवार को कोल्हापुर बंद का ऐलान किया है। पुलिस अधीक्षक महेंद्र पंडित के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है। लोगों से शांत रहने की अपील की गई है। अब तक कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार कोल्हापुर में कुछ युवकों ने औरंगजेब के समर्थन में एक पोस्ट किया था। इससे विवाद खड़ा हो गया है। संबंधित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदुत्व संगठन के कार्यकर्ता आक्रामक हो गए और कोल्हापुर के लक्ष्मीपुरा थाने के सामने एकत्र हो गए। साथ ही कार्यकर्ताओं ने कोल्हापुर शहर के दसहरा चौक, टाऊन हॉल, लक्ष्मीपुरी आदि इलाकों में पथराव करते हुए प्रदर्शन भी किया। इससे पूरे जिले में स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। पुलिस ने तत्काल एकत्र भीड़ को लाठीचार्ज कर तितर-बितर किया और स्थिति पर काबू पाया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पंडित मौके पर पहुंचे और दोनों गुट के लोगों से चर्चा कर शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस अधीक्षक पंडित ने बताया कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मीपुरा पुलिस स्टेशन में व्हाट्सएप पोस्ट को लेकर दो लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

Explore our articles