
मुंबई :(Mumbai)दिल्ली में हुए श्रद्धा वालकर हत्याकांड और जून में अमरावती में फार्मासिस्ट उमेश कोल्हे (Umesh Kolhe) की जघन्य हत्या ऐसी दो घटनाएं हैं, जिन्होंने 2022 में न केवल महाराष्ट्र को बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया।
इसके अलावा इस साल सितंबर में पालघर जिले (Palghar district) में एक सड़क दुर्घटना में उद्योगपति साइरस मिस्त्री की मौत ने सड़क सुरक्षा के मुद्दे को एक बार फिर से सामने ला दिया है। इस घटना के मद्देनजर केंद्र सरकार ने सीट बेल्ट के उपयोग से संबंधित कुछ निर्णयों की घोषणा की है। श्रद्धा वालकर की उसके लिव-इन साथी आफताब पूनावाला ने दिल्ली में हत्या कर दी थी।
इस वर्ष के दौरान, पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा के खिलाफ महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में कई प्राथमिकी भी दर्ज की गयी थीं।
इसके अलावा ‘बुल्ली बाई’ ऐप का मामला भी सामने आया जिसमें मुस्लिम महिलाओं की ऑनलाइन ‘‘नीलामी’’ के लिए उनके नामों की एक सूची भी जारी की गयी थी।
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला तथा हनुमान चालीसा विवाद को लेकर निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा की गिरफ्तारी जैसी घटनाओं ने भी महाराष्ट्र तथा पूरे देश में सुर्खियां बटोरीं।


