
मुंबई : 26 नवंबर को 26/11 स्मरण दिवस है। इस दिन हमले में जान गंवाने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए शहीद रन का आयोजन किया गया है। सांगली से मुंबई के बीच 470 किमी की रेस होगी। दौड़ मुंबई के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रवींद्र सिंघल के मार्गदर्शन में आयोजित की जाएगी।
बता दें कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में आतंकी हमला हुआ था। इस हमले को 14 साल बीत चुके हैं। हमले में कई पुलिस अधिकारी शहीद हुए हैं, इसमें वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अशोक कामटे भी शामिल हैं। कामटे सांगली में पुलिस अधीक्षक थे। यहां उन्होंने बहुत अच्छे कार्य किए थे। इसलिए सांगलीकर उन्हें नहीं भूल सकते। कामटे के प्रति प्रेम भाव के कारण सांगलीकर ने उनकी याद में शहीद अशोक कामटे मेमोरियल फाउंडेशन की स्थापना की है। फाउंडेशन की ओर से हर साल लोगों को जागरूक किया जाता है। शहीदों की स्मृतियों को याद किया जाता है।
इस साल 22 नवंबर से 26 नवंबर तक सांगली से मुंबई रूट पर शहीद रन का आयोजन किया गया है। यह यात्रा करीब 470 किलोमीटर की है। शहीद रन का रूट सांगली, कराड, सतारा, पुणे, लोनावाला, खोपोली, पनवेल और मुंबई है। इस दौड़ में 25 धावक भाग लेने वाले हैं। इसी तरह शहर की पुलिस और आम नागरिक इस दौड़ में शामिल होने वाले हैं। 25 नवंबर को दौड़ मुंबई पहुंचेगी। उसके बाद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रवींद्र सिंघल मुंबई में भाग लेंगे। इसमें मुंबई पुलिस फोर्स के कर्मचारी हिस्सा लेंगे और शहीदों को सैल्यूट करेंगे।


