किरेन रिजिजू ने मुंबई में की आधिकारिक घोषणा
मुंबई : (Mumbai) वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री रवींद्र चव्हाण (Senior BJP leader and former minister Ravindra Chavan) को मंगलवार को महाराष्ट्र का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। भाजपा नेता और केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। चव्हाण ने मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले से कमान संभाली है। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, आशीष शेलार, विनोद तावड़े समेत भाजपा के तमाम विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे।
हालांकि, पूर्व मंत्री रवींद्र चव्हाण निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुन लिए गए हैं, लेकिन कुछ दिन पहले उन्हें भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। मुंबई के वर्ली डोम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में रवींद्र चव्हाण के अध्यक्ष बनने की घोषणा मंत्री किरेन रिजिजू ने की।कार्यक्रम में इस कदर रिकॉर्ड तोड़ भीड़ उमड़ी कि भाजपा कार्यकर्ताओं को खड़े होकर कार्यक्रम देखना पड़ा। महाराष्ट्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केवल रवींद्र चव्हाण ने ही अपना आवेदन दाखिल किया था। चूंकि, किसी और ने अपना आवेदन दाखिल नहीं किया, इसलिए रवींद्र चव्हाण को भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया है।
आगामी नगर निगम चुनावों की पृष्ठभूमि में रवींद्र चव्हाण का चुनाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रवींद्र चव्हाण डोंबिवली विधानसभा क्षेत्र से 4 बार(elected 4 times from the Dombivali assembly) निर्वाचित हो चुके हैं। रवींद्र चव्हाण एक प्रभावी नेता भी हैं और जमीनी स्तर के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनके मजबूत जनसंपर्क हैं। रवींद्र चव्हाण ने भाजपा के युवा मोर्चा से राजनीति में प्रवेश किया और कल्याण-डोंबिवली नगर निगम में पार्षद, स्थायी समिति अध्यक्ष, 4 बार विधायक, भाजपा के प्रदेश महासचिव और मंत्री के रूप में विभिन्न जिम्मेदारियों को निभाया है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (Rashtriya Swayamsevak Sangh) के स्वयंसेवक के रूप में अपना करियर शुरू करने से लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने तक का उनका सफर उल्लेखनीय है। रवींद्र चव्हाण के चुनाव से महाराष्ट्र में भाजपा के संगठनात्मक कार्यों को नया नेतृत्व मिला है और उम्मीद है कि पार्टी आगामी चुनावों के लिए फिर से सक्रिय होगी।