मुंबई: (Mumbai) सेंट्रल इंवेस्टिगेशन ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के पूर्व जोनल निदेशक समीर वानखेड़े और उनकी टीम के अधिकारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। सीबीआई की टीम रंगदारी मामले में समीर वानखेड़े से 18 मई को पूछताछ करेगी। सीबीआई टीम एनसीबी टीम के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच कर रही है।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार 18 मई को समीर वानखेड़े से पूछताछ की जानी है। इससे पहले समीर वानखेड़े और उनकी टीम के मोबाइल फोन जब्त किये गए हैं। सीबीआई ने कुछ दिन पहले समीर वानखेड़े के गोरेगांव स्थित घर पर छापा मारा था। समीर की पत्नी अभिनेत्री क्रांति रेडकर का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। समीर वानखेड़े की पूछताछ के बाद सीबीआई विश्वविजय सिंह, आशीष रंजन को भी जांच के लिए तलब करेगी।
दरअसल, एनसीबी की टीम ने 2 अक्टूबर, 2021 को फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उस दिन समीर वानखेड़े के कहने पर ही आर्यन खान को एनसीबी आफिस में लाया था। साथ ही समीर वानखेड़े के कहने पर इस मामले में आर्यन खान के परिवार से 25 करोड़ रुपये मांगे गए थे। सीबीआई की एफआईआर के अनुसार रंगदारी की मांग समय पर पूरी न होने पर बाद में आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया था।
सीबीआई की एफआईआर में यह भी है कि द कार्डिलिया क्रूज से उस दिन 27 लोगों को पकड़ा गया था, जबकि सिर्फ दस लोगों पर मामला दर्ज किया गया था। इसी वजह से एनसीबी ने इस रंगदारी मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। इसके बाद पिछले सप्ताह सीबीआई ने समीर वानखेड़े सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके 29 जगह छापेमारी की थी।
सीबीआई की एफआईआर में समीर वानखेड़े और आशीष रंजन पर अपनी घोषित संपत्ति से अधिक संपत्ति अर्जित करने का भी आरोप है। विजिलेंस टीम की जांच में समीर वानखेड़े ने विदेश दौरे, महंगी घड़ी और महंगी कारों के बारे में उचित स्पष्टीकरण नहीं दिया था। सीबीआई की टीम इन सभी सवालों पर समीर वानखेड़े और आशीष रंजन से भी पूछताछ करेगी।


