Mumbai : दो हजार के नोटों के बारे में नाहक भ्रम फैला रहा है विपक्ष: माधव भांडारी

0
149

मुंबई : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष माधव भांडारी ने कहा कि दो हजार नोटों के बारे में विपक्ष नाहक भ्रम फैला रहा है, जबकि इन नोटों को रद्द नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन्हें इन नोटों का बैंक में जमा करते वक्त हिसाब देने में मुश्किल होने वाली है, वहीं लोग इस फैसले के खिलाफ शोर मचा रहे हैं। सामान्य लोगों को इस निर्णय से कोई परेशानी नहीं होने वाली है।

माधव भांडारी सोमवार को पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहाकि दो हजार रुपये के नोट रद्द नहीं किये गये हैं। अस्थायी व्यवस्था के रूप में इन नोटों का इस्तेमाल शुरू किया गया था। इन नोटों की छपाई दो वर्ष पहले ही बंद कर दी गई थी। इसकी जानकारी भी सरकार और रिजर्व बैंक ने भी पहले ही दे दी थी। इन नोटों को बदलने की समय सीमा समाप्त होने के बाद भी नोटों का हिसाब देकर उसे बदला जा सकेगा। इस पूरे निर्णय प्रक्रिया से सामान्य व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं होने वाला है। सामान्य लोगों को नोट बदलने की प्रक्रिया से भी कोई असुविधा नहीं होने वाली है। इसके बावजूद कुछ लोग व्यक्तिगत कारणों से इस निर्णय के बारे में गलतफहमी फैला रहे हैं।

भांडारी ने कहा कि डिजिटल व्यवहार की वजह से सामान्य लोगों में नगद का लेन-देन कम हुआ है। सामान्य व्यक्ति के दो हजार के नोट का इस्तेमाल करने का प्रमाण अल्प हैं। प्रतिदिन प्रति व्यक्ति 10 नोट बदले जा सकेंगे। सामान्य लोगों के पास इन नोटों के प्रमाण को ध्यान में रखा जाये तो भी निर्धारित समय में आराम से नोटों को बदला जा सकेगा। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश प्रवक्ता गणेश हाके, मीडिया विभाग सह संयोजक ओमप्रकाश चौहान उपस्थित भी थे।