मुंबई : जलगांव जिले के मोरया गॉगल कंपनी में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। मौके पर फायर ब्रिगेड की 45 गाड़ियां आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन आग पर अभी तक काबू नहीं पाया जा सका है। कलेक्टर आयुष प्रसाद ने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मोरया गॉगल कंपनी में बुधवार को सुबह आग लग गई थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में लग गई। इस घटना में कंपनी के मजदूर साधन पाटिल की मौत हो गई है, जबकि 17 लोग घायल हुए जिन्हें सारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान हेमन्त गोविंद भंगाले, मयूर राजू खंगार, गोपाल आत्माराम पाटिल, सचिन श्रवण पाटिल, दीपक वामन सुपा, किशोर दत्तात्रेय चौधरी, चंद्रकांत लक्ष्मण पाटिल, नंदू छगन पवार, आनंद जगदेव, फिरोज तड़वी, कपिल राजेंद्र पाटिल, गणेश रघुनाथ सोनवाने, चंद्रकांत दशरथ घोड़ेश्वर, विशाल रवींद्र बारी, भीकन पुंडलिक खैरनार, जगजीवन अनंत परब, अजमल पवार के रूप में की गई है।


