spot_img

Mumbai/New Delhi : रिलायंस का दुनिया के टॉप 10 समूहों में आने का लक्ष्य: मुकेश अंबानी

मुंबई/नई दिल्ली : देश के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी ने कहा कि उनकी अगुवाई वाला रिलायंस समूह कभी भी अपनी उपलब्धियों से ‘आत्मसंतुष्ट’ नहीं होगा बल्कि यह दुनिया के टॉप 10 व्यापारिक समूह का हिस्सा बनेगा। उन्होंने समूह के संस्थापक धीरूभाई अंबानी की जयंती ‘रिलायंस फैमिली डे’ पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुकेश अंबानी ने मुंबई में गुरुवार को ‘रिलायंस फैमिली डे’ पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि रिलायंस अब डिजिटल डेटा मंच और कृत्रिम मेधा (एआई) प्रौद्योगिकी अपनाने में वैश्विक कंपनियों के बीच अपनी जगह और मजबूत करने का लक्ष्य बना रही है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे भारत दुनिया की पांचवीं से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है, एक अभूतपूर्व अवसर भी रिलायंस का इंतजार कर रहा है।

उल्लेखनीय है मुंबई में एक छोटी कपड़ा विनिर्माण इकाई से शुरुआत करते हुए रिलायंस ने पेट्रोरसायन क्षेत्र में उतरी और देश में इसकी सबसे बड़ी उत्पादक बन गई। रिलायंस समूह ने वर्ष 2005 में खुदरा क्षेत्र में प्रवेश किया और अब यह देश में किराना स्टोर, बड़ी दुकानें और ऑनलाइन खुदरा कारोबार की सबसे बड़ी परिचालक है। रिलायंस ने 2016 में दूरसंचार सेवा जियो की शुरुआत की थी, जो आज भारत की सबसे बड़ी दूरसंचार सेवा कंपनी है। फिलहाल, दुनिया में रिलायंस जियो तीसरे स्थान पर है।

Explore our articles