spot_img

Mumbai : ”जवान” की रिलीज से पहले नयनतारा की इंस्टाग्राम पर एंट्री

मुंबई : साउथ एक्ट्रेस नयनतारा इन दिनों शाहरुख खान की फिल्म ”जवान” को लेकर सुर्खियों में हैं। ”जवान” में शाहरुख के साथ नयनतारा मुख्य भूमिका निभाएंगी। एक्ट्रेस पहली बार बॉलीवुड के किंग खान के साथ काम करेंगी। साउथ सिनेमा की लेडी सुपरस्टार कही जाने वाली नयनतारा पिछले कई सालों से सोशल मीडिया से दूर हैं। एक्ट्रेस ने फिल्म ”जवान” के ट्रेलर के मौके पर इंस्टाग्राम पर डेब्यू किया है।

नयनतारा ने फिल्म ”जवान” का ट्रेलर रिलीज होने से पहले 31 अगस्त को इंस्टाग्राम पर डेब्यू किया। इंस्टाग्राम पर नयनतारा की एंट्री उनके प्रशंसकों के लिए एक सुखद आश्चर्य थी। अभिनेत्री ने अपने जुड़वा बच्चों के साथ एक विशेष वीडियो शेयर करते हुए अपना इंस्टाग्राम अकाउंट लॉन्च किया। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “नान वंधुते नु सोल्लु… (उन्हें बताओ मैं आ गई हूं)”।

अक्टूबर 2002 में, नयनतारा और विग्नेश सिवन ने जुड़वा बच्चों के माता-पिता बनने की खबर सोशल मीडिया पर शेयर की। नयनतारा और विग्नेश सरोगेसी के जरिए उइर और उलगाम के माता-पिता बने। अब एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर एंट्री लेते हुए पहली बार जुड़वा बच्चों का चेहरा दिखाया है।

जुड़वा बच्चों के साथ एक तस्वीर शेयर करने के बाद, अभिनेत्री ने एक अन्य पोस्ट में ”जवान” का ट्रेलर और फिल्म के बारे में कुछ अपडेट शेयर किए। ”चलेया” और ”रमैया वस्तावैया” गाने में दर्शकों को नयनतारा और शाहरुख की केमिस्ट्री की झलक देखने को मिली। अब किंग खान के फैंस ”जवान” का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

इस बीच, बहुप्रतीक्षित ”जवान” 7 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म दुनिया भर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी। फिल्म में शाहरुख खान, नयनतारा, विजय सेतुपति मुख्य भूमिका में हैं।

Explore our articles