Mumbai : लंदन में बनेगा ‘महाराष्ट्र भवन’

0
50

मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra government) ने लंदन में रहने वाले मराठी समुदाय के लोगों के लिए महाराष्ट्र भवन निर्माण के लिए बड़ी पहल की है। गणेशोत्सव में सरकार ने उपहार के तौर पर लंदन में भवन निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। यह जानकारी मंगलवार को उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने दी।

उपमुख्यमंत्री पवार (Deputy Chief Minister Pawar) के अनुसार लंदन के महाराष्ट्र मंडल को ‘चर्च ऑफ इंग्लैंड’ (‘Church of England’) भवन खरीदने और वहां ‘महाराष्ट्र भवन’ (‘Maharashtra Bhavan’) बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये की निधि स्वीकृत की गई है। महाराष्ट्र मंडल, लंदन यूनाइटेड किंगडम में सबसे पुराने मराठी संगठनों में से एक है। साल 1932 में महात्मा गांधी के निजी सचिव डॉ. एनसी केलकर ने इस मंडल की स्थापना की थी। वर्तमान में एक लाख से ज़्यादा मराठी बंधु इस मंडल से जुड़े हुए हैं। मंडल का भवन लीज पर था. इसलिए मराठी समुदाय लंबे समय से वहां महाराष्ट्र भवन बनाने की मांग कर रहा था। पिछले सप्ताह इस मंडल के प्रतिनिधियों ने पुणे में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार से मुलाकात करके भवन के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग की थी।

उपमुख्यमंत्री की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Chief Minister Devendra Fadnavis) ने भी अनुमति दे दी है। इसके लिए लंदन के महाराष्ट्र मंडल ने राज्य सरकार का आभार माना है। इस संगठन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लंदन और उसके आसपास के क्षेत्रों में मराठी समुदाय को एकजुट करना है। पिछले 93 वर्षों से यह मंडल विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, उत्सवों और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करता आ रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ‘महाराष्ट्र भवन’ यूनाइटेड किंगडम और महाराष्ट्र सरकार के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच होगा। यह भवन मराठी साहित्य, नृत्य, संगीत और उत्सवों के माध्यम से भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देगा। मराठी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए भाषा कक्षाएं, कार्यशालाएं और अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किए जा सकते हैं। इससे वैश्विक स्तर पर मराठी भाषा को मजबूती मिलेगी।