मुंबई : (Mumbai) भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुंबई में राज्य की पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी के साथ राज्य की सुरक्षा और तैयारियों की समीक्षा की। इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के महत्वपूर्ण विभागों, विशेषकर स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन के सभी वरिष्ठ अधिकारियों की छुट्टियां रद्द करने का आदेश दिया है।
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में मॉक ड्रिल और ब्लैकआउट जैसे विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए कई दिशा-निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लैकआउट के दौरान अस्पतालों के साथ समन्वय प्रणाली स्थापित करें। टार्गेट होने से बचने के लिए वैकल्पिक बिजली व्यवस्था से सिस्टम को चालू रखें और बाहर से प्रकाश को दिखाई न देने के लिए गहरे रंग के पर्दे या कांच का उपयोग करें। ब्लैकआउट क्या है और ऐसे समय में क्या करना चाहिए, इस पर छात्रों और नागरिकों के लिए वीडियो बनाकर जागरूकता फैलाएं। केंद्र सरकार की ‘यूनियन वॉर बुक’ का गहन अध्ययन करें और सभी को इसकी जानकारी दें। प्रत्येक जिले में पुलिस के साइबर सेल को सोशल मीडिया पर पाकिस्तान को सहायता करने वाले अकाउंट की निगरानी करने और गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर कार्रवाई करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिलाधिकारी को आपातकालीन फंड तुरंत दिए जाएंगे, ताकि तात्कालिक सामग्री की खरीद की जा सके।
बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ,प्रमुख सचिव राजेश कुमार, राज्य पुलिस महासंचालक रश्मी शुक्ला, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, मुंबई महानगरपालिका आयुक्त भूषण गगराणी, नागरी सुरक्षा के अतिरिक्त पुलिस महासंचालक प्रभात कुमार, गृह विभाग की प्रधान सचिव राधिका रस्तोगी, गुप्त वार्ता विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक शिरीष जैन और मुंबई व उपनगर जिलाधिकारी उपस्थित थे।


