spot_img

Mumbai : लहुजी शक्ति सेना का भाजपा नीत एनडीए गठबंधन को बिना शर्त समर्थन

मुंबई : मातंग समुदाय की मांगों के लिए लड़ रही लहूजी शक्ति सेना ने लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत एनडीए गठबंधन को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की है। लहुजी सेना के प्रदेश अध्यक्ष कैलासदादा खंडारे ने कहा कि उनका संगठन भाजपा गठबंधन के समर्थन में जी जान लगाकर काम करेगा।

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को मातंग समुदाय के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक के बाद कैलाश दादा खंदारे ने पत्रकारों को बताया कि हमारे संगठन ने भाजपा को बिना शर्त समर्थन दिया है क्योंकि उनका मानना है कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही हाशिए पर, वंचित और कमजोर वर्गों के साथ न्याय कर सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अन्नाभाऊ साठे स्मारक के रुके हुए काम को शुरू करके, स्मारक के लिए 300 करोड़ से अधिक की राशि देकर, बंद पड़े अन्नाभाऊ साठे निगम, अन्नाभाऊ साठे अनुसंधान के लिए धन उपलब्ध कराकर, प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण आदि करके मातंग समुदाय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है।

मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी इस परिवार से जुड़े हर तत्व की समस्याओं के समाधान के लिए अथक प्रयास कर रही है। मातंग समुदाय की समस्याओं को सुलझाने के लिए काम करने वाली लहूजी शक्ति सेना के आज महायुति में शामिल होने से हमारे हाथ मजबूत हो गए हैं। शेलार ने कहा कि भाजपा इस समाज को विकास की मुख्यधारा में लाकर विकास करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य प्रसाद लाड, भाजपा प्रदेश महासचिव विजय चौधरी, मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बान, लहुजी शक्ति सेना के प्रदेश अध्यक्ष कैलास खंडारे, विष्णु कस्बे, सचिन क्षीरसागर आदि उपस्थित थे।

Explore our articles