spot_img

Mumbai : किरिट सोमैया ने इम्तियाज जलील को भेजा 10 करोड़ का नोटिस

मुंबई : (Mumbai) भाजपा नेता किरीट सोमैया (BJP leader Kirit Somaiya) ने पूर्व सांसद इम्तियाज जलील के खिलाफ 10 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। सोमैया का आरोप है कि एक सार्वजनिक भाषण के दौरान जलील ने उन्हें “तोतला” कहकर संबोधित किया, जो न केवल अपमानजनक है बल्कि उनकी प्रतिष्ठा को जानबूझकर ठेस पहुँचाने की कोशिश है। नोटिस में मांग की गई है कि जलील इस मानसिक पीड़ा और छवि को हुए नुकसान के लिए हर्जाना भरें और दो राष्ट्रीय समाचार पत्रों में सार्वजनिक रूप से माफीनामा प्रकाशित करें।

रील प्रसारण और छवि खराब करने का आरोप
सोमैया ने अपने नोटिस में एक और गंभीर आरोप लगाया है। उनके अनुसार, इम्तियाज जलील (Imtiaz Jalil) ने मुंब्रा के एक प्रमुख चौक पर उनके खिलाफ एक आपत्तिजनक रील प्रसारित करने की धमकी दी थी। सोमैया का दावा है कि यह उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को धूमिल करने की एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है। इस कानूनी कदम के जरिए सोमैया ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वे व्यक्तिगत हमलों और सार्वजनिक रूप से किए जाने वाले चरित्र हनन को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

इम्तियाज जलील का पलटवार और कानूनी चुनौती
मानहानि नोटिस मिलने के बाद इम्तियाज जलील ने सोशल मीडिया (X) पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे सच्चाई दबाने की कोशिश करार दिया है। जलील ने सवाल उठाया कि मुस्लिम समुदाय और मदरसों (Muslim community and madrasas) को लेकर जो भाषा इस्तेमाल की जाती है, उस पर कार्रवाई क्यों नहीं होती? उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए स्पष्ट किया कि वे इस कानूनी लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Explore our articles