spot_img

Mumbai : महाराष्ट्र में किडनी के सौदागर

Mumbai: Kidney Traders in Maharashtra

मुंबई : (Mumbai) निजी साहूकारों से लिए गए कर्ज की अदायगी के लिए 9 लोगों द्वारा किडनी बेचने का सनसनीखेज मामला बुधवार को विधानसभा में सामने आया। इनमें से 7 पीड़ित दूसरे राज्यों के हैं, जबकि 2 महाराष्ट्र के निवासी हैं। इनमें एक किसान भी शामिल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Chief Minister Devendra Fadnavis) ने संबंधित छह साहूकारों की संपत्ति जब्त करने के आदेश दिए हैं।

भाजपा विधायक ने उठाया मुद्दा
भाजपा विधायक अतुल भातखळकर (BJP MLA Atul Bhatkhalkar) ने यह मुद्दा विधानसभा में लक्षवेधी सूचना के तहत उठाया। इसके जवाब में गृह राज्यमंत्री पंकज भोयर ने पूरे प्रकरण की जानकारी सदन को दी।

किसान को कंबोडिया भेजकर बिकवाई किडनी
मंत्री भोयर ने बताया कि चंद्रपुर जिले के नागभीड़ तालुका अंतर्गत मिथुर गांव निवासी रोशन कुड़े ने एक निजी साहूकार से 9.15 लाख रुपये का कर्ज लिया था। इसके बदले उसने छह आरोपियों को 48.53 लाख रुपये और एक एकड़ जमीन लौटाई। इसके बावजूद तगादा जारी रहने पर किसान को कंबोडिया भेजा गया, जहां उसने 8 लाख रुपये में अपनी किडनी बेचकर कर्ज चुकाया।

किडनी रैकेट का बड़ा जाल
जांच में सामने आया कि सोलापुर के एक दलाल के माध्यम से कंबोडिया में किडनी बेची गई। इस दलाल ने खुद समेत 9 लोगों की किडनी कंबोडिया और तमिलनाडु स्थित स्टार किम्स अस्पताल में (Cambodia and Star Kims Hospital in Tamil Nadu) बिकवाई। इस मामले में साहूकारी करने वाले छह आरोपियों के साथ-साथ किडनी खरीद-फरोख्त में शामिल पांच अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। इनमें से आठ को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

मकोका लगाने की मांग, दिल्ली तक कनेक्शन
विधायक भातखळकर ने आरोपियों पर मकोका लगाने की मांग की और पूछा कि क्या विशेष अदालत के जरिए सख्त सजा दिलाई जाएगी। वहीं, कांग्रेस के गटनेता विजय वडेट्टीवार (Congress group leader Vijay Wadettiwar) ने दावा किया कि इस रैकेट की जड़ें दिल्ली और दक्षिण भारत तक फैली हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली के एक पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त डॉक्टर का इसमें हाथ है और सरकार को उसे गिरफ्तार करने का साहस दिखाना चाहिए।

एसआईटी गठित, सख्त कार्रवाई का भरोसा
जवाब में मंत्री भोयर ने कहा कि इस प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर छह आरोपियों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी चाहे पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त व्यक्ति ही क्यों न हो, उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Explore our articles