spot_img

Mumbai : उत्तर भारतीय संघ में गूंजा जय जय महाराष्ट्र माझा20 दिव्यांगों को तिपहिया इलेक्ट्रिक साइकिल का वितरण

मुंबई : उत्तर भारतीय संघ ने  बड़े धूमधाम से महाराष्ट्र दिवस मनाया। बांद्रा पूर्व स्थित उत्तर भारतीय संघ भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में महाराष्‍ट्र की संस्‍कृति और धरोहर की झलक देखने को मिली। इस दौरान संघ के परिसर में महाराष्ट्र के राज्य गीत जय जय महाराष्ट्र माझा की गूंज सुनाई दी। इस मौके पर उत्तर भारतीय संघ के अध्‍यक्ष संतोष आरएन सिंह की तरफ से 20 दिव्यांगों को इलेक्ट्रिक साइकिल का वितरण किया गया।

संतोष आरएन सिंह ने कहा कि हम महाराष्‍ट्र के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। मेरे पिता उत्तर भारतीय संघ के अध्‍यक्ष और विधायक रहे बाबू आरएन सिंह का हमेशा समाज सेवा में विश्वास था। पिछली बार हमने महाराष्‍ट्र दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया था। इस बार 20 दिव्यांगों को इलेक्ट्रिक साइकिल का मुफ्त वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक साइकिल एक बार चार्ज करने पर 25 किलोमीटर तक चल सकती है। इससे दिव्यांग भाई-बहनों को काफी सुविधा मिलेगी। संतोष आरएन सिंह ने कहा कि हम सतत समाज सेवा करते रहेंगे।
पूर्व मंत्री चंद्रकांत त्रिपाठी ने कहा कि उत्तर भारतीय संघ के अध्‍यक्ष संतोष आरएन सिंह की टीम अद्वितीय काम कर रही है। महाराष्‍ट्र ने हमें जीवन का आधार दिया है, ऐसे में यह कार्यक्रम उसकी कृतज्ञता का ज्ञापन है।

40 साल पहले मुंबई आए उत्तर भारतीय और आज के उत्तर भारतीयों में जमीन-आसमान का फर्क है। मराठी और उत्तर भारतीय समाज के बीच की  दूरी को कम करने की जरूरत है। उन्होंने सुझाव दिया कि उत्तर भारतीय संघ की हर शाखा में अगले साल से महाराष्‍ट्र दिवस मनाया जाना चाहिए और इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। संघ के अध्‍यक्ष संतोष आरएन सिंह ने अगले साल से संघ की हर शाखा में महाराष्‍ट्र दिवस मनाने का ऐलान किया। मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि संतोष आरएन सिंह ने गोरखपुर से 40 किलोमीटर दूर अपने गांव भरौली में डायलिसिस सेंटर खोलकर समाज के हित में बड़ा काम किया है। जो लोग भी सेवा कार्य करते हैं, उनके जीवन में यश और कीर्ति बढ़ती है। इस अवसर पर बाबू आरएन सिंह अतिथि गृह में ज्ञाना आर तिवारी व डॉ. राधेश्याम तिवारी कक्ष का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम में विकलांग सेवा संघ के अध्‍यक्ष टीएन दुबे, मुंबई बीजेपी उपाध्‍यक्ष अमरजीत सिंह, महाराष्‍ट्र भाजपा के प्रवक्ता ओमप्रकाश चव्हाण, मुंबई प्रवक्‍ता उदय प्रताप सिंह, आरडी यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस नेता पारसनाथ तिवारी, कांग्रेस नेता अवनीश सिंह, आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली सहित उत्तर भारतीय संघ की  कार्यकारिणी के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज से जुड़े लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान उत्‍सव महाराष्‍ट्राचा ग्रुप ने एक से एक बढ़कर मराठी गीत पेश करते हुए लोगों को मनोरंजन किया।

New Delhi : शरद पवार सहित राज्य सभा के 19 नवनिर्वाचित सदस्यों को दिलाई गई शपथ

नई दिल्ली : (New Delhi) राज्य सभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन (Rajya Sabha Chairman C.P. Radhakrishnan) ने सोमवार को सदन के 19 नवनिर्वाचित सदस्यों...

Explore our articles