
इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
मुंबई:(Mumbai) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने बुधवार को कहा कि उन्होंने कभी किसी राष्ट्रीय हस्ती का अपमान नहीं किया और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं पर ऐसा करने तथा इसके लिए माफी नहीं मांगने का आरोप लगाया।
पवार ने कहा कि वह मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज के लिए ‘स्वराज्य-रक्षक’ (स्वराज्य के रक्षक – स्वतंत्र मराठा राज्य) के उपयोग का समर्थन करते हैं, क्योंकि यह उनकी उपलब्धियों के साथ न्याय करता है।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता पवार ने कहा कि वह छत्रपति संभाजी का बहुत सम्मान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मैंने कभी किसी राष्ट्रीय हस्ती के खिलाफ नहीं बोला… भाजपा मेरे खिलाफ विरोध प्रदर्शन करा रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र के राज्यपाल (भगत सिंह कोश्यारी) ने राष्ट्रीय हस्ती के खिलाफ टिप्पणी की है, ऐसे कई भाजपा के विधायक और नेता हैं जिन्होंने अपनी टिप्पणी के लिए माफी भी नहीं मांगी है।’’


