
घंटों तक चला सर्च ऑपरेशन
मुंबई : (Mumbai) मुंबई प्रेस क्लब (Mumbai Press Club) में शुक्रवार (20 मार्च 2026) की सुबह उस वक्त खलबली मच गई, जब एक अज्ञात ईमेल (anonymous email) के जरिए इमारत में जहरीली गैस वाले बम होने की धमकी दी गई। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की घंटों चली सघन तलाशी के बाद यह कॉल पूरी तरह झूठी निकली।
नीरजा के नाम से आया खौफनाक ईमेल
शुक्रवार सुबह मुंबई प्रेस क्लब के आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक संदेश मिला। भेजने वाले ने अपना नाम ‘नीरजा अजमल खान’ (‘Neerja Ajmal Khan’) बताया था। ईमेल में दावा किया गया था कि प्रेस क्लब की बिल्डिंग के अंदर जहरीली गैस से भरे कई छोटे विस्फोटक छिपाए गए हैं, जो दोपहर तक फट जाएंगे। धमकी मिलते ही मुंबई पुलिस (Mumbai Police) एक्शन मोड में आ गई। एहतियात के तौर पर प्रेस क्लब के अंदर मौजूद सभी पत्रकारों और कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाला गया। आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
चप्पे-चप्पे की तलाशी
बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों की मदद से पूरी इमारत के कोने-कोने को खंगाला गया। अधिकारियों ने कई घंटों तक गहन छानबीन की, लेकिन अंत में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। दोपहर बाद पुलिस ने इसे ‘होक्स कॉल’ करार दिया। मुंबई पुलिस के साथ-साथ महाराष्ट्र साइबर पुलिस (Maharashtra Cyber Police) भी इस मामले की जांच में जुट गई है। जिस आईपी एड्रेस से यह ईमेल भेजा गया था, उसे ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह किसी एक व्यक्ति की शरारत है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क है।


