
मुंबई : (Mumbai) बॉलीवुड की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी (Bollywood’s “Dream Girl,” Hema Malini) ने धर्मेंद्र के निधन के बाद परिवार में अनबन की खबरों पर चुप्पी तोड़ते हुए सभी अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है। हाल ही में अलग-अलग प्रार्थना सभाओं को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं, जिन पर प्रतिक्रिया देते हुए हेमा ने स्पष्ट कहा कि परिवार पूरी तरह एकजुट है और सभी सदस्य एक-दूसरे से गहरा लगाव रखते हैं।
हेमा ने बातचीत में बताया कि धर्मेंद्र के लिए पूरा परिवार एक साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि चाहे उनकी बेटियां ईशा देओल और अहाना (Esha Deol and Ahana Deol) हों या फिर दूसरे परिवार के सदस्य सनी देओल और बॉबी देओल, सभी धर्मेंद्र से बेहद प्यार करते हैं और आपस में भी अच्छे संबंध शेयर करते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जहां धर्मेंद्र जैसे व्यक्तित्व की छाया होती है, वहां नकारात्मकता की कोई जगह नहीं होती।
अपनी निजी जिंदगी को लेकर हेमा ने दो टूक कहा कि उनका परिवार इन भावनात्मक पलों को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने में विश्वास नहीं रखता। उन्होंने कहा कि उन्हें ‘बॉर्डर 2’ (Border 2) की स्क्रीनिंग के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन वह शामिल नहीं हो पाईं। इसके बावजूद परिवार के बीच कोई दूरी नहीं है और सभी मिलकर इस कठिन समय का सामना कर रहे हैं। हेमा ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय सच्चाई को समझें और परिवार की निजता का सम्मान करें।


