Mumbai : राज्यपाल पद पर नियुक्त होने के बाद हरिभाऊ बागड़े ने विधायक पद से दिया इस्तीफा

0
448

मुंबई : (Mumbai) राजस्थान के राज्यपाल पद पर नियुक्त होने के बाद सोमवार को हरिभाऊ बागड़े ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर (Assembly Speaker Rahul Narvekar) को अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। हरिभाऊ बागड़े (Haribhau Bagde) छत्रपति संभाजीनगर जिले के फुलंबरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर 2019 में विधायक चुने गए थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 27 जुलाई को हरिभाऊ बागड़े को राजस्थान के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया और बहुत जल्द वह राजस्थान के राज्यपाल पद का पदभार ग्रहण करने वाले हैं।

हरिभाऊ बागड़े 2014 से 2019 तक विधानसभा के अध्यक्ष रहे थे। इसलिए आज विधानमंडल सचिवालय ने हरिभाऊ बागड़े को सम्मानित किया । इसके साथ महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी राजस्थान का राज्यपाल बनने पर हरिभाऊ बागड़े को सम्मानित किया। इसके बाद हरिभाऊ बागड़े विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मिले और उन्हें अपने विधायक पद का इस्तीफा सौंपा, जिसे अध्यक्ष ने तत्काल मंजूर कर लिया।

उल्लेखनीय है कि हरिभाऊ बागड़े ने बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में काम किया है। 1985 में वह पहली बार औरंगाबाद पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुने गए। तब से वह फुलंबरी विधानसभा क्षेत्र से 5 बार विधायक रहे हैं। वह निर्वाचन क्षेत्र में हरिभाऊ नाना के नाम से लोकप्रिय हैं। हरिभाऊ किसनराव बागड़े महाराष्ट्र सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। 2014 में, जब भाजपा ने पहली बार महाराष्ट्र में सरकार बनाई तो उन्हें महाराष्ट्र विधानसभा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वह विधानसभा अध्यक्ष का पद भी संभाल चुके हैं। इसीलिए भाजपा ने उन्हें राज्यपाल के रूप में मौका देकर उनकी वरिष्ठता का सम्मान किया है और हरिभाऊ बागड़े राजस्थान के 45वें राज्यपाल बन गये हैं।