
मुंबई : मुंबई में गांजा बेचने वाले गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस की अपराध जांच शाखा की एक टीम ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से 33 लाख 58 हजार 200 रुपए कीमत का 76 किलो 455 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। इनके नाम मोहम्मद जाहिद शेख, संदीप कुमार निषाद, सूर्य विनोद रॉय और शिव परमल हैं। 31 जनवरी को क्राइम ब्रांच कांस्टेबल अजय बल्लाल को गुप्त सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दादर ईस्ट सर्किल पर एक जनवरी की सुबह साढ़े तीन बजे के करीब जाल बिछाया। नारकोटिक्स ब्रांच -7 के पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर जाधव व नीरज उबाले की टीम ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। उसके बाद उसके खिलाफ भोईवाड़ा थाने में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। बताया जाता है कि चारों आरोपी नशे का कारोबार करने वाले गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। कहा यह भी जाता है कि वे पूरे मुंबई में गांजे की आपूर्ति और बिक्री में शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी मुंबई से विमान से ओडिशा गए और गांजे की बोरियां ट्रकों में भरकर मुंबई लाए। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।


