मुख्यमंत्री फडणवीस और उपमुख्यमंत्री शिंदे की मौजूदगी में ठाणे में मेट्रो का हुआ परीक्षण
मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Maharashtra Chief Minister Devendra Fadnavis) ने सोमवार को ठाणे में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की वजह से मेट्रो परियोजना में ढाई साल की देरी हुई है। लेकिन अब मेट्रो परियोजनाओं का काम बहुत तेजी से चल रहा है और जल्द सभी कार्य पूरे होंगे।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Devendra Fadnavis, along with Deputy Chief Minister Eknath Shinde) के साथ ठाणे में वडाला-घाटकोपर-कासरवडवली मेट्रो ४ परियोजना का ठाणे में मेट्रो का परीक्षण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने पत्रकारों से कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सरकार की वजह से मेट्रो परियोजना में देरी नहीं होती, तो हम अगले चरण तक पहुँच सकते थे। मैं ठाणेकरों और मुंबईवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूँ कि हम अगले साल तक इस परियोजना का अधिकांश काम पूरा करने के साथ तीसरा चरण भी पूरा कर लेंगे। इस परियोजना पर लगभग 16 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दैनिक यात्री संख्या 13 लाख 47 हजार होने की उम्मीद है और यह संकेत हैं कि पूरा मार्ग खुलने के बाद यह संख्या और भी बढ़ जाएगी। मेट्रो 11 वडाला से सीएसएमटी तक जाती है, यह मार्ग भी इससे जुड़ा होगा। यह सबसे लंबा 55 किलोमीटर का मार्ग है, इस पर प्रतिदिन 21 लाख लोग यात्रा करेंगे।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज ठाणेकरों के लिए एक खुशी और ऐतिहासिक दिन है। वडाला ठाणे मेट्रो के लिए हम अंतहीन कठिनाइयों के साथ इस मुकाम तक पहुंचे हैं। 2019 के बाद, महा विकास अघाड़ी काल में, इन सभी परियोजनाओं पर विराम लग गया, स्थगित हो गईं, लेकिन 2022 में, मेरे मुख्यमंत्री बनने के बाद, मेट्रो को फिर से गति दी गई । शिंदे ने कहा कि पहली लोकल ट्रेन 22 अप्रैल, 1853 को मुंबई से ठाणे के लिए चली थी और लगभग 172 साल बाद मेट्रो चल रही है। हमने ठाणे के लिए आंतरिक मेट्रो को भी मंजूरी दी है, जो कल्याण, डोंबिवली और भिवंडी को जोड़ेगी।
इस अवसर पर राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, विधायक निरंजन डावखरे, मेट्रो अधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा और शिवसेना कार्यकर्ता उपस्थित थे।


