मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Maharashtra Chief Minister Devendra Fadnavis) ने शुक्रवार को पुणे में कहा कि जिले में जनसंख्या और बढ़ते अपराध को देखते हुए पांच नए पुलिस थानों को मंजूरी दी जाएगी। इनमें लोहेगांव, लक्ष्मीनगर, नरहे , मांजरी और येवलेवाड़ी शामिल हैं। इन पांच पुलिस थानों के लिए आवश्यक 1,000 कर्मचारियों की भी मंजूरी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री फडणवीस (Chief Minister Fadnavis) पुणे शहर पुलिस आयुक्तालय की ओर से शहर में स्थापित की जाने वाली विभिन्न परियोजनाओं के भूमिपूजन और उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस के सामने आने वाली चुनौतियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े नए मुद्दों को ध्यान में रखते हुए 60 साल बाद पुलिस बल की नई संरचना तैयार की गई है। पुलिस थानों का पुनर्गठन किया गया है और नारकोटिक्स तथा फॉरेंसिक यूनिट बनाई गई है। आगे भी पुलिस बल को आधुनिक बनाने के लिए सरकार की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुणे को दो पुलिस उपायुक्त देने की मंजूरी जल्द दी जाएगी। शहरों का विस्तार होते समय पुलिस बल में भी सुधार जरूरी है। एक नए पुलिस थाने का उद्घाटन और चार पुलिस थानों का भूमिपूजन किया गया है। राज्य सरकार ने शहर के लिए 7 पुलिस थानों की मंजूरी दी है, जो राज्य में पहली बार हुआ है। पुणे के विस्तार और उसके औद्योगिक व शैक्षणिक महत्व को देखते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं जिले के पालकमंत्री अजीत पवार (Deputy Chief Minister and Guardian Minister of the district Ajit Pawar), उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील, विधानसभा उपाध्यक्ष अण्णा बनसोडे, अपर मुख्य सचिव (गृह) इकबाल सिंह चहल, पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला, महाराष्ट्र राज्य पुलिस आवास एवं कल्याण महामंडल की प्रबंध निदेशक अर्चना त्यागी, पुणे शहर पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, पुलिस सह आयुक्त रंजन कुमार शर्मा तथा अन्य मान्यवर उपस्थित थे।