
मुंबई : (Mumbai) अभिनेता-निर्देशक फरहान अख्तर (Actor-director Farhan Akhtar) को आखिरी बार फिल्म ‘120 बहादुर’ में देखा गया था, जो नवंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब वह अंतरराष्ट्रीय सिनेमा (international cinema) में कदम रखने जा रहे हैं। खबर है कि फरहान को मशहूर हॉलीवुड निर्देशक सैम मेंडेस की महत्वाकांक्षी बायोपिक परियोजना ‘द बीटल्स’ में अहम भूमिका मिली है। इस खबर से उनके प्रशंसकों में उत्साह का माहौल है। मेंडेस इससे पहले ‘हैमनेट’ और स्पेक्टर जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।
पंडित रवि शंकर की भूमिका में नजर आएंगे फरहान
रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनी पिक्चर्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित परियोजना ‘द बीटल्स– ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ के लिए नए कलाकारों की घोषणा की है, जिसमें फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) का नाम भी शामिल है। वह फिल्म में महान भारतीय शास्त्रीय संगीतकार पंडित रवि शंकर (Indian classical musician Pandit Ravi Shankar) का किरदार निभाते दिखाई देंगे। ज्ञात हो कि 1970 के दशक में ‘द बीटल्स’ के भारत दौरे के दौरान पंडित रवि शंकर ने उनकी मेजबानी की थी और भारतीय संगीत से उनका परिचय कराया था। फरहान के करियर की यह पहली अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म होगी। इससे पहले वह अमेरिकी वेब सीरीज मिस मार्वल में कैमियो भूमिका में नजर आ चुके हैं।
अन्य कलाकार भी होंगे शामिल
चार भागों में बनने जा रही इस बायोपिक में कई अंतरराष्ट्रीय कलाकारों को भी कास्ट किया गया है। जानकारी के अनुसार, पॉल मैककार्टनी की मंगेतर जेन एशर (Paul McCartney’s fiancée, Jane Asher) की भूमिका में लूसी बॉयटन नजर आएंगी। वहीं, बीटल्स के मूल ड्रमर स्टुअर्ट सटक्लिफ के किरदार में हैरी लॉटी और जॉन लेनन की पहली पत्नी सिंथिया पॉवेल के रूप में मॉर्फिड क्लार्क दिखाई देंगी।
फिलहाल फिल्म की शूटिंग कब और कहां शुरू होगी, इस बारे में निर्माताओं ने कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की है। हालांकि, इस अंतरराष्ट्रीय परियोजना के साथ फरहान अख्तर का जुड़ना भारतीय सिनेमा (Indian cinema) के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


