spot_img

Mumbai : मोदी सरकार की वजह से विकसित, आत्मनिर्भर की ओर बढ़ रहा भारत: सी.टी.रवि

मुंबई : भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सी.टी. रवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने विकसित, आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा। इस सपने को साकार करने के लिए मोदी सरकार ने पिछले 9 वर्ष में अनेक निर्णय लिए और इस प्रयत्न को जनता का साथ मिले। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में महाजनसंपर्क अभियान आयोजित किया है।

भारतीय जनता पार्टी के महासचिव व राज्य के प्रभारी सी.टी. रवी ने सोमवार को मुंबई में पत्रकारों को बताया कि 2014 से पहले देश की स्थिति और अब की स्थिति में बहुत ज्यादा फर्क है। 2014 से पहले देश में 74 हवाईअड्डे थे। अब देश में हवाईअड्डों की संख्या 149 है। पिछले 9 वर्षों में देश में 390 नये विश्वविद्यालय शुरू हुए, 7 आईआईटी, 15 चिकित्सा विज्ञान संस्थान, 7 आईआईएम (व्यवसाय प्रबंधन संस्थान) शुरू कर मोदी सरकार ने कार्यक्षम सरकार कैसी होती है इसका आदर्श उदाहरण पेश किया है। मनमोहन सिंह के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार की चर्चा होती थी, परंतु पिछले 9 वर्षों से मोदी सरकार के विकास योजनाओं की चर्चा हो रही है ‘सब का साथ सबका विकास’ इस घोषणा पर प्रत्यक्ष रूप से अमल कर विभिन्न वर्गों की कल्याणकारी योजनाओं को शुरू कर उसे अस्तित्व में भी लाया। सुरक्षा बीमा, गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी कई योजनाओं के माध्यम से गरीब-जरूरतमंद के कल्याण पर ध्यान केंद्रीत किया गया है। काशी विश्वनाथ कोरिडोर, महाकाल कोरिडोर, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के माध्यम से देश में सांस्कृतिक पुनरुत्थान भी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया की देश में पिछले 9 वर्षों में अलग अलग क्षेत्रों में हुए बदलाव को सर्वसामान्य लोग भी अनुभव कर रहे हैं। मोदी सरकार की वजह से कोरोना महामारी जैसे संकट पर मात कर आर्थिक प्रगति तेजी से हो रही है। विश्व में पांचवे क्रमांक की अर्थव्यवस्था बनी भारत की जीडीपी में 7 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। यह जानकारी महाजनसंपर्क अभियान के माध्यम से सर्व सामान्य लोगों तक पहुंचाई जायेगी।

इस अवसर पर महाजनसंपर्क अभियान के प्रदेश संयोजक विधायक प्रवीण दरेकर, सह संयोजक कृपाशंकर सिंह, विधायक पराग अलवणी, मुंबई भाजपा के महासचिव संजय उपाध्याय, प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बन आदि इस अवसर पर उपस्थित थे।

Explore our articles