spot_img

Mumbai : फिल्म निर्माता मनीष गुप्ता के खिलाफ ड्राइवर को चाकू मारने का मामला दर्ज

मुंबई : (Mumbai) फिल्म निर्माता मनीष गुप्ता (film producer Manish Gupta) पर वेतन विवाद के बाद अपने ड्राइवर को रसोई के इस्तेमाल वाले चाकू से मारने का मामला वर्सोवा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। अभी मनीष गुप्ता को गिरफ्तार नहीं किया गया है लेकिन पुलिस ने उन्हें पुलिस स्टेशन में पेश होने का निर्देश देते हुए समन दिया है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मनीष गुप्ता के विरुद्ध उनके ही ड्राइवर मोहम्मद लश्कर ने वेतन विवाद के बाद चाकू मारने की शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में ड्राइवर ने कहा है कि वह हर माह 23,000 रुपये वेतन पर मनीष गुप्ता के यहां पिछले तीन साल से काम करता था। लेकिन मनीष गुप्ता समय पर वेतन नहीं देते थे, इसलिए अक्सर विवाद होता था। गुप्ता ने पिछले महीने का वेतन नहीं दिया और नौकरी से निकाल दिया। इसके बाद लश्कर गुरुवार रात मुंबई के अंधेरी इलाके में सागर संजोग बिल्डिंग (Sagar Sanjog Building) में गुप्ता के आवास पर गया और बकाया पैसे की मांग की। इससे नाराज गुप्ता ने बकाया वेतन देने से इनकार कर दिया और रसोई से चाकू उठाकर वार कर दिया।

वर्सोवा पुलिस स्टेशन ने 6 जून को गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1) (स्वेच्छा से खतरनाक हथियारों या साधनों से चोट पहुंचाना या गंभीर चोट पहुंचाना), 115(2) और 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत एफआईआर दर्ज की है।

Explore our articles