मुंबई : (Mumbai) मुंबई उच्च न्यायालय (Mumbai High Court) में शुक्रवार को सुबह फिर से बम रखे जाने की धमकी मिलने से परिसर में सनसनी फैल गई। हालांकि धमकी की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस बम निरोधक (bomb squad) दस्ते सहित मुंबई उच्च न्यायालय परिसर में पहुंची और चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। लेकिन कहीं भी कुछ भी संदिग्ध नही मिला। इससे पुलिस दल ने राहत की सांस ली। इस धमकी के बाद मुंबई उच्च न्यायालय परिसर में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस सूत्रों ने पत्रकारों को बताया कि आज सुबह मुंबई उच्च न्यायालय (Mumbai High Court) के ईमेल पर बम रखे जाने की धमकी भरा मैसेज भेजा गया था। इसकी जानकारी न्यायालय प्रशासन ने तत्काल पुलिस को दिया। इसके बाद अदालत परिसर को खाली करवा दिया गया। अदालत परिसर की गहन छानबीन के बाद कहीं भी संदिग्ध नहीं मिला, जिसके बाद न्यायालय का नियमित कामकाज शुरु हो गया है। इस धमकी की शिकायत पुलिस ने अज्ञात शख्स के विरुद्ध दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है मुंबई उच्च न्यायालय में इससे पहले 12 सितंबर को इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसके बाद एहतियात के तौर पर इमारत को पूरी तरह से खाली करा लिया गया था। उस समय भी पूरे परिसर की गहन छानबीन के बाद कुछ नहीं मिला था। पुलिस फर्जी ईमेल मैसेज भेजने वाले शख्स की तलाश कर रही है।


