
मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि यहां उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्वाचन क्षेत्र में नाथूराम गोडसे के नाम वाला एक बोर्ड लगाया गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता पवार ने सदन में राष्ट्रीय नायकों के अपमान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महात्मा गांधी के हत्यारे गोडसे का महिमामंडन करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि नागपुर दक्षिण-पश्चिम देवेंद्र फडणवीस का निर्वाचन क्षेत्र है। वह उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री भी हैं। जैताला रोड पर नाथूराम हिंदू महासभा का एक बोर्ड झंडे के साथ लगा है जिस पर बंदूक का चित्र है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या करने वाले स्वतंत्र भारत के पहले आतंकवादी नाथूराम गोडसे का महिमामंडन करने की कोशिश की जा रही है। पवार ने कहा कि यह क्षेत्र उपमुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।


