मुंबई : (Mumbai) भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अंधेरी पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित साटम (MLA from Andheri West Assembly constituency Amit Satam) को सोमवार को महाराष्ट्र के मुंबई भाजपा अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है। अमित साटम की पहचान एक आक्रामक नेता की है और आगामी मुंबई नगर निगम के चुनाव (Mumbai Municipal Corporation elections) की जिम्मेदारी साटम को सौपी गई है। साटम ने कहा कि वे किसी भी कीमत पर मुंबई नगर निगम पर भाजपा गठबंधन का ही महापौर चुन कर लाएंगे।
मुंबई में भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण (BJP state president Ravindra Chavan) ने अमित साटम के मुंबई भाजपा अध्यक्ष पर नियुक्त किए जाने की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राजस्वमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, निवर्तमान मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार उपस्थित थे। मुख्यमंत्री, रवींद्र चव्हाण और चंद्रशेखर बावनकुले, आशीष सेलार ने मुंबई भाजपा अध्यक्ष बनने पर अमित साटम को बधाई दी है।
उल्लेखनीय है कि अमित साटम अक्टूबर 2014 से लगातार तीसरी बार अंधेरी पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए महाराष्ट्र विधानसभा (Maharashtra Legislative Assembly) के सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। 15 अगस्त 1976 को मुंबई, महाराष्ट्र में जन्मे साटम ने 1998 में मुंबई विश्वविद्यालय के मीठीबाई कॉलेज ऑफ आट्र्स से राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र में कला स्नातक की उपाधि प्राप्त की। बाद में उन्होंने महात्मा गांधी मिशन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एंड रिसर्च, मुंबई विश्वविद्यालय (Mithibai College of Arts, University of Mumbai) से प्रबंधन अध्ययन में स्नातकोत्तर किया, और 2000 में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद वे भाजपा में शामिल हो गए और मुंबई के विकास में योगदान दिया है।


