उम्मीदवारों के ऐलान से पहले बनाई 20 सदस्यीय टीम तैयार
मुंबई : (Mumbai) मुंबई में बीएमसी चुनाव (BMC elections in Mumbai) की तारीखों की घोषणा के बाद सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी प्रमुख दल चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। महायुति में शामिल दलों की लगातार बैठकें हो रही हैं, वहीं भाजपा ने भी महानगरपालिका चुनाव (municipal elections) को लेकर कमर कस ली है।
भाजपा ने गठित की चुनाव समिति
बीएमसी चुनाव 2026 के लिए भाजपा ने एक विशेष समिति का गठन किया है। मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम (Mumbai BJP president Amit Satam) के नेतृत्व में बनी इस समिति में केंद्र और राज्य स्तर के वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। पार्टी का उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना और उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को समय रहते पूरा करना है। चुनाव समिति में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Union Minister Piyush Goyal), राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावडे, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा जैसे वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है। इसके अलावा विधायक प्रविण दरेकर, अतुल भातखळकर, योगेश सागर, पराग अलवणी, मिहीर कोटेचा और प्रसाद लाड भी समिति का हिस्सा हैं।
संगठन मजबूत करने पर विशेष फोकस
मुंबई भाजपा संगठन को सशक्त करने की जिम्मेदारी महामंत्री राजेश शिरसाटकर (General Secretaries Rajesh Shirsatkar), गणेश खणकर, आचार्य पवन त्रिपाठी और श्वेता पंकजकर को सौंपी गई है। वहीं, प्रशासनिक अनुभव को ध्यान में रखते हुए मनपा के पूर्व गटनेता प्रभाकर शिंदे को भी समिति में शामिल किया गया है। समिति का गठन 18 दिसंबर को किया गया था।
महायुति की एकजुट रणनीति
बीएमसी चुनाव की रणनीति को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है। अमित साटम ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि दादर स्थित भाजपा मुंबई कार्यालय में महायुति की सहयोगी शिवसेना के साथ एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में आगामी महानगरपालिका चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने चुनावी तैयारियों, बूथ स्तर के प्रबंधन और समन्वय पर अपने विचार रखे। महायुति के नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव लड़ने और जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। यह बैठक संकेत देती है कि महायुति आने वाले दिनों में साझा रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी।


