मुंबई : (Mumbai) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एपी) (Nationalist Congress Party) गुट के नेता बाबा सिद्दीकी (leader Baba Siddiqui) हत्याकांड मामले में आरोपित अमोल गायकवाड़ के खिलाफ मुंबई पुलिस ने 200 पन्नों की सप्लीमेंट्री चार्जशीट पेश की है। इसमें करीब 30 गवाहों के बयान शामिल हैं। इसमें अमोल गायकवाड़ (Amol Gaikwad) और फरार आरोपित शुभम लोंकर के बीच अहम कडिय़ों का भी ब्योरा है, जिसे इस अपराध का मास्टरमाइंड माना जाता है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पुणे के वारजे का निवासी अमाेल गायकवाड़ इस मामले में गिरफ्तार होने वाला 27वां आरोपित है। पुलिस ने बताया कि कई महीनों तक फरार रहने के बाद उसे अगस्त में कोल्हापुर से गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान, उसने कथित तौर पर बार-बार जगह बदलकर, नासिक, सोलापुर और कोल्हापुर के बीच घूमकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश की। सप्लीमेंट्री चार्जशीट में गायकवाड़ के बिश्नोई गैंग से कथित संबंधों का जिक्र है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान गायकवाड़ ने कई अहम खुलासे किए। उसने कथित तौर पर शुभम लोनकर (Shubham Lonkar) के संपर्क में रहने के लिए डब्बा कॉलिंग और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप्लिकेशन का इस्तेमाल करने की बात कबूल की है। चार्जशीट के अनुसार 1 अक्टूबर से 12 अक्टूबर 2024 के बीच, गायकवाड़ शुभम लोंकर के भाई प्रवीण लोंकर के नियमित संपर्क में था और इसी दौरान बाबा सिद्दीकी की हत्या की विस्तृत योजना इसी दौरान बनाई गई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि साजिश में अतिरिक्त कडिय़ों का पता लगाने और इस मामले में शामिल किसी अन्य व्यक्ति की पहचान करने के लिए आगे की जांच जा रही है।


