spot_img

Mumbai : कल्याण में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने वाले आरोपित ने तलोजा जेल में की आत्महत्या

मुंबई : (Mumbai) नवी मुंबई स्थित तलोजा जेल में रविवार को सुबह कल्याण में 13 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने वाले आरोपित विशाल गवली (Vishal Gawli) ने आत्महत्या कर ली है।

तलोजा जेल सूत्रों ने बताया कि विशाल गवली आज सुबह करीब पांच बजे शौचालय में गया और अपनी तौलिया का फंदा बनाकर शौचालय की छत से लटक गया। इसकी जानकारी मिलते ही जेलकर्मियों ने तत्काल विशाल को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नियमानुसार इस मामले की मजिस्ट्रेट स्तर पर जांच की जाएगी।

पुलिस के अनुसार पिछले साल दिसंबर में कल्याण के कोलसेवाड़ी इलाके से विशाल गवली ने एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद लड़की की हत्या कर दी और शव भिवंडी के बापगांव इलाके में फेंक दिया था। इसके बाद विशाल गवली शेगांव भाग गया। पुलिस ने जाल बिछाकर उसे शिवाजी चौक स्थित एक सैलून से गिरफ्तार कर लिया था। तब से विशाल गवली को तलोजा जेल में रखा गया था।

Explore our articles