
55 MoU से 78,215 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य
मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra government) ने जल संसाधन विभाग के माध्यम से पंप स्टोरेज (उदंचन जलविद्युत) परियोजनाओं के लिए विभिन्न कंपनियों के साथ कुल 55 सामंजस्य करार (MoU) (Memorandums of Understanding) किए हैं। इन करारों के तहत 78,215 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता विकसित करने का प्रस्ताव है। इन परियोजनाओं में लगभग ₹4,16,701 करोड़ का निवेश होगा और करीब 1,27,990 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक और निर्देश
विधान भवन में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने सभी संबंधित एजेंसियों को परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील, गिरीश महाजन और विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कपूर भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी।
डीपीआर को मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि 55 करारों में से 10,300 मेगावाट क्षमता की 6 परियोजनाओं के विस्तृत प्रकल्प प्रतिवेदन (DPR) को केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण की मंजूरी मिल चुकी है और उन पर काम शुरू हो गया है। वहीं, 8,200 मेगावाट क्षमता की 5 अन्य परियोजनाओं के DPR अनुमोदन की प्रक्रिया में हैं।


