मुंबई : सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्र और वेस्टर्न रेलवे ने मुंबई, भुसावल और नागपुर मंडलों के 2-2 सेंट्रल रेलवे के कर्मचारियों को “महाप्रबंधक सुरक्षा पुरस्कार” से सम्मानित किया। 09 जनवरी 2023 को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई में आयोजित एक समारोह में ड्यूटी के दौरान उनकी सतर्कता से अप्रिय घटनाओं को टालने में उनके योगदान और नवंबर/दिसंबर 2022 के महीने के दौरान ट्रेन संचालन में सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनके योगदान की सराहना की गई। पुरस्कार में एक पदक, प्रशंसा प्रमाण पत्र, अनुकरणीय सुरक्षा कार्य का प्रशस्ति पत्र और 2000 रुपए का नकद पुरस्कार शामिल है।
ट्रेनों को सुरक्षित चलाने में महान उत्साह और प्रतिबद्धता दिखाई
मिश्र ने सम्मानित किए जा रहे कर्मचारियों की सतर्कता की सराहना की और उल्लेख किया कि वे सभी के लिए एक अनुकरणीय रोल मॉडल हैं। सम्मानित किए गए कर्मचारियों ने सुरक्षा के विभिन्न क्षेत्रों जैसे ट्रॉली में दरार का पता लगाने, पहिये में स्पार्कलिंग का पता लगाने, हॉट एक्सल का पता लगाने और गुजरने वाली ट्रेन में चिंगारी और धुएं के बारे में समय पर जानकारी देने के लिए ट्रेनों को सुरक्षित चलाने में अपना महान उत्साह और प्रतिबद्धता दिखाई। सेंट्रल रेलवे को उन सभी पुरस्कृत कर्मचारियों पर गर्व है, जिन्होंने अपनी त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को टालने में मदद की।
सभी मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक भी इस कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल
महाप्रबंधक सुरक्षा पुरस्कार के 6 विजेताओं में दीपू कुमार, फिटर और श्री रुपेश गोरखनाथ म्हात्रे, मुंबई मंडल के फिटर, प्रमेंद्र कुमार शाक्य, टेकनीशियन और रितेश राजेंद्र जवांजल, नागपुर मंडल के ट्रैक मेंटेनर और श्रेष्ठ खरे, सहायक स्टेशन प्रबंधक एवं जय प्रकाश तुलसीराम की मैन भुसावल मंडल के हैं। आलोक सिंह, अपर महाप्रबंधक, सेंट्रल रेल, डी वाई नाइक, प्रधान मुख्य सुरक्षा अधिकारी, मुकुल जैन, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक, एन पी सिंह, प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर, सुनील कुमार, प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर और अन्य विभागों के प्रमुख विभागाध्यक्ष इस अवसर पर उपस्थित थे तथा सभी मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक भी इस कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए।


