मुंबई : (Mumbai) मुंबई महानगरपालिका ने विश्व पर्यावरण दिवस पर बड़ा फैसला लिया है। पर्यावरण संरक्षण के लिए मनपा और बेस्ट प्रशासन ने पर्यावरण बजट 2025-26 की रिपोर्ट में पूंजीगत व्यय के लिए 17,066.12 करोड़ और राजस्व व्यय के लिए 3,268.97 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। यह वृद्धि पिछले साल की तुलना में 59.64 प्रतिशत अधिक है।
भायखला स्थित वीरमाता जीजाबाई भोसले बॉटनिकल गार्डन एवं चिड़ियाघर के पेंगुइन ऑडिटोरियम में ‘पर्यावरण बजट रिपोर्ट जारी की गई। इस अवसर पर मनपा के संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। अतिरिक्त मनपा आयुक्त (शहर) अश्विनी जोशी ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक का सबसे ज्यादा असर झेलना पड़ रहा है। नालों की सफाई में गाद से कहीं ज्यादा प्लास्टिक की थैलियां मिल रही हैं। लोगों कपड़े या कागज के थैलों का इस्तेमाल करके प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। मनपा के कुल पूंजीगत बजट अनुमान 43,162.23 करोड़ रुपये में से 16,321.33 करोड़ रुपये (37.81 प्रतिशत) का प्रावधान पर्यावरण अनुकूल मामलों से संबंधित है।
जोशी ने बताया कि वित्तीय साल 2024-25 की तुलना में इस वर्ष यह प्रावधान बढ़ाकर 59.64 प्रतिशत कर दिया गया है। पिछले साल 31,774.64 करोड़ रुपये के कुल पूंजी बजट अनुमान में 10,224.24 करोड़ रुपये (32.18 प्रतिशत) का प्रावधान पर्यावरण अनुकूल मामलों से संबंधित था। सात नए विभागों के पर्यावरण अनुकूल खर्च को शामिल करने, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन विभाग के बजट में वृद्धि और बीएमसी के 20 मुख्य विभागों की नई पहलों के कारण बजट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।


