उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन की दो दिवसीय स्थायी वार्ता शुरू
मुरादाबाद : मुरादाबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के मनन सभागार में मंगलवार को उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन की दो दिवसीय स्थायी वार्ता तंत्र का आयोजन किया गया। आज प्रथम दिन की बैठक में मण्डल रेल प्रबंधक अजय नन्दन ने मण्डल में किये जा रहे रेल विकास कार्यों एवं कर्मचारी हितों के लिए किये जा रहे कार्यों का बैठक में विस्तारपूर्वक वर्णन किया।
उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन की दो दिवसीय स्थायी वार्ता तंत्र के प्रथम दिन रेल प्रशासन सम्बन्धी अनेक महत्वपूर्ण विषयों के साथ-साथ रेल कर्मियों के हित एवं कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों एवं यूनियन के पदाधिकारियों के मध्य विस्तार से चर्चा हुई। यूनियन ने अपनी अनेक मांगों से प्रशासन को अवगत कराया एवं प्रशासन द्वारा इन मांगों को नियमानुसार पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर डीआरएम अजय नन्दन ने बताया कि सुगम तथा संगठित रेल कार्यप्रणाली के संचालन एवं कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए उनको लाभान्वित करने के दृष्टिकोण से यह दो दिवसीय वार्ता तंत्र का आयोजन किया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक ने आशा व्यक्त की कि आगामी समय में भी इस प्रकार के वार्ता तंत्र के माध्यम से प्रशासन एवं यूनियन के संयुक्त प्रयासों के द्वारा मण्डल को अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त होंगी तथा मुरादाबाद मण्डल सफलताओं के नए आयामों को स्पर्श करेगा।
स्थायी वार्ता तंत्र के दो दिवसीय आयोजन के प्रथम दिन में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) राकेश सिंह सहित सभी विभागों के विभागाध्यक्ष एवं उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन के महामंत्री बीसी शर्मा, मण्डल मंत्री शलभ सिंह सहित सभी मण्डल एवं शाखा के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।


