spot_img

Moradabad : प्राकृतिक जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाए : जिलाधिकारी

जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा संरक्षण समिति के संबंध में बैठक सम्पन्न

मुरादाबाद : शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा संरक्षण समिति के संबंध में बैठक आहूत की गयी। बैठक में जिला के भीतर नदियों में तरल और ठोस अपशिष्ट लाने वाले नालों की निगरानी के संबंध में समीक्षा की गयी।

जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि प्राकृतिक जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाये तथा व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये, जिससे लोगों में जैविक खेती के लिए जागरुकता लाई जा सके, जैव विविधता का संरक्षण हो सके। उन्होंने कहा कि वन रोपण व नदी घाट पर आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु कार्यों को प्रोत्साहित किया जाये।

उन्होंने बताया कि घाटों का रख-रखाव अच्छे से किया जाये तथा स्वच्छता पखबाडा, वनीकरण अभियान, कैच द रैन अभियान आदि संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाये। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि नगर निगम व विभिन्न नगर पालिकाएं साथ मिलकर कार्य करें तथा अपने कर्तव्यों का अच्छे से निर्वहन करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण विभाग ई-वेस्ट की समस्या को गम्भीरता से लेकर कार्य करें। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर पालिका तथा नगर पंचायतें अपने- अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपस में सामन्जस्य बनाकर कार्य करें और साइट वेस्ट मैनेजमेंट को कैसे बेहतर बनाया जाये इस पर निरन्तर विचार एवं कार्यवाही की जाये।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव, डीएफओ, जिला गंगा समीति के सदस्य, अधिशासी अभियन्ता जल निगम, सहित नगर निगम, विद्युत, प्रदूषण नियन्त्रण विभाग, विभिन्न एनजीओ आदि उपस्थित रहे।

Explore our articles