सीए श्वेताभ तिवारी हत्याकांड में पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक समेत चार आरोपित मंडल की विभिन्न जेलों में हैं बंद
सीओ सिविल लाइंस बोले, सीए हत्याकांड के आरोपितों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य चार्जशीट के साथ न्यायालय में पेश किए गए
डिप्टी सीएम की पुलिस अधिकारियों को लताड़ के बाद घटना के डेढ़ माह बाद हुआ था खुलासा
मुरादाबाद : मुरादाबाद के बहुचर्चित सीए श्वेताभ तिवारी हत्याकांड में पुलिस ने खुलासे के करीब तीन माह बाद आज (मंगलवार को) न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है। करीब 2000 पेज की चार्जशीट और केस डायरी में पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक समेत चार को आरोपित बताया है। इनके खिलाफ एकत्रित किए गए साक्ष्य का भी विवरण पुलिस ने केस डायरी में दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि सीए श्वेताभ तिवारी हत्याकांड के आरोपितों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य चार्जशीट के साथ न्यायालय के समक्ष पेश किए गए हैं।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के रामगंगा विहार साईं गार्डन कॉलोनी निवासी सीए श्वेताभ तिवारी का ऑफिस थाना मझोला क्षेत्र के दिल्ली रोड पर मझोली चौराहे के समीप बंसल कॉम्पलेक्स में था। बीती 15 फरवरी को रात्रि लगभग साढ़े नौ और दस बजे के बीच सीए श्वेताभ तिवारी घर जाने के लिए अपने ऑफिस से निकले थे। ऑफिस के बाहर किसी का फोन आया तो वह ऑफिस के चबूतरे पर फोन पर बात करते हुए टहलने लगे। इसी बीच दो नकाबपोश बाइक सवार आरोपित आए और उनपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। इस गोलीबारी में मौके पर ही श्वेताभ तिवारी की मौत हो गई। इस चर्चित सीए हत्याकांड का मामला लखनऊ तक गूंजा था। घटना के कुछ दिन मुरादाबाद दौरे पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उस समय तक केस का खुलासा न होने पर पुलिस अधिकारियों को सर्किट हाऊस में समीक्षा बैठक के दौरान जमकर लताड़ लगाई थी।
इसके बाद पुलिस हरकत में आई और घटना के करीब डेढ़ माह बाद 31 मार्च को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद हेमराज मीणा ने हत्याकांड का खुलासा किया था। एसएसपी ने बताया कि सीए श्वेताभ तिवारी की हत्या की साजिश सिविल लाइंस के दीनदयाल नगर निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक और कोतवाली के रेती स्ट्रीट निवासी विकास शर्मा उर्फ गुग्गू ने पाकबड़ा के गांव गिदौड़ा निवासी शूटर केशव सरन शर्मा के साथ मिलकर रची थी। वारदात के दिन हरथला में रहने वाला भोजपुर के गांव हुमायूपुर निवासी खुशवंत चौधरी उर्फ भीम शूटर केशव सरन शर्मा को बाइक से लेकर दिल्ली रोड मझोला स्थित सीए के दफ्तर तक पहुंचा था। इस मामले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक समेत चारों आरोपित मुरादाबाद मंडल की अलग-अलग जेल में बंद हैं। थाना मझोला एसएचओ विप्लव शर्मा ने सीजेएम कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की।


