मीरजापुर:(Mirzapur) भारत सरकार के पंचायत राज मंत्रालय की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव के तहत राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए जिले के हलिया ब्लाक के सिकटा ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान सरला मिश्रा का चयन किया गया है। उन्हें सोमवार 17 अप्रैल से 21 अप्रैल तक चलने वाले विज्ञान भवन नई दिल्ली (Vigyan Bhawan New Delhi) में राष्ट्रीय स्तर पंचायत पुरस्कार में भाग लेने को आमंत्रित किया गया है।
सहायक ग्राम विकास अधिकारी (एडीओ) पंचायत हलिया रूपेश श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार का आयोजन केंद्र सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के तत्वावधान में नई दिल्ली में किया गया है। इसमें देश भर के जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायत के चुने हुए प्रतिनिधि भाग लेंगे। 17 अप्रैल को पुरस्कार वितरित किया जाएगा। 18 से 21 अप्रैल तक गरीबी, बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा, स्वस्थ, हराभरा व स्वच्छ पंचायत, सतत विकासशील एवं सर्वोत्तम पंचायत पर सेमिनार भी होगा।


