spot_img

Mirzapur : भाजपा से टिकट न मिलने पर खफा मनोज बोले ‘अब जनता की अदालत में देंगे चुनौती’

बजरंग दल, विहिप व भाजपा से जुड़े हैं मनोज, श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन में भी ले चुके हैं भाग
मीरजापुर: (Mirzapur)
नगर निकाय चुनाव को लेकर टिकट बंटते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में मीरजापुर में कलह की हवा बहने लगी है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज श्रीवास्तव नगर पालिका परिषद मीरजापुर के अध्यक्ष पद का टिकट न मिलने से पदाधिकारियों पर गरज पड़े। बगावत का विगुल फूंका और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए निर्दल उम्मीदवार के रूप में नामांकन करने का एलान किया।

दरअसल, मनोज श्रीवास्तव भाजपा से नगर पालिका परिषद मीरजापुर के अध्यक्ष पद के टिकट के लिए गत कई माह से प्रयासरत थे,परंतु ऐन वक्त पर भाजपा ने श्याम सुंदर केशरी को उम्मीदवार घोषित कर दिया। इससे मनोज श्रीवास्तव को झटका लगा। वहीं सोशल मीडिया पर उनके समर्थक भाजपा के निर्णय पर आपत्ति जताई और विरोध दर्ज कराया। मनोज को टिकट न मिलने से कार्यकर्ता भी नाराज हैं। उनका कहना है कि मनोज श्रीवास्तव को ही उम्मीदवार घोषित किया जाना चाहिए था। प्रदेश नेतृत्व की ओर से नगर पालिका परिषद मीरजापुर के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी को टिकट मिलने के बाद मनोज श्रीवास्तव के खेमे में बगावत शुरू हो गई।

बागी तेवर पड़ेगा भारी, पार्टी में ही छ्ले जाने का आरोप

भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी के कुछ लोग पार्टी में रहकर मनी, माफिया, कैश, कास्ट, क्राइम और करप्शन की राजनीति करते हैं। कहा कि उन्होंने एक छोटी सी चीज मांगी थी। जिसे ठुकरा दिया गया। अब मनोज श्रीवास्तव पार्टी के निर्णय को जनता की अदालत में चुनौती देंगे। उन्होंने कहा कि सत्य और न्याय का फैसला जनता 13 मई को करेगी। पार्टी से टिकट न मिलने से खफा मनोज श्रीवास्तव ने बागी तेवर अख्तियार कर लिया है और पार्टी में ही छ्ले जाने का आरोप लगाया।

16 वर्ष की उम्र में आरएसएस से जुड़े थे मनोज

मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि 16 वर्ष की उम्र में वह आरएसएस से जुड़ हैं। वह बजरंग दल में नगर और जिला संयोजक रहे, फिर विस्तारक के पद का दायित्व संभाला। 1993 में वह विहिप में पूर्णकालिक सदस्य बन गए। इसके पूर्व बजरंग दल का संभाग एवं प्रांत संयोजक रहे। विश्व हिंदू परिषद में 12 वर्ष तक प्रांत संगठन मंत्री रहे। 2015 में विहिप नेता अशोक सिंघल के कहने पर भाजपा से जुड़े।

बगावत शिखर पर, घोषित उम्मीदवार को सुनाई खरी-खोटी

नगर पालिका परिषद मीरजापुर के अध्यक्ष पद के लिए श्यामसुंदर केशरी को टिकट मिलने के बाद बगावत शिखर पर पहुंच गई है। जैसे ही श्यामसुंदर केसरी को टिकट मिला कि मनोज श्रीवास्तव के खेमे में हड़कंप मच गया और निर्दल चुनाव लड़ने की घोषणा की जानकारी के बाद घोषित प्रत्याशी जब मनोज श्रीवास्तव के घर पहुंचे तो उन्होंने जमकर खरी-खोटी सुनाई।

मेरे पास खोने को कुछ भी नहीं, जो होगा देखा जाएगा

मनोज श्रीवास्तव ने सबको मंच से नंगा करने की चेतावनी दी। काफी मान मनौव्वल के बाद भी उन्होंने कहा कि मेरे पास खोने को कुछ भी नहीं बचा है। अब जो होगा देखा जाएगा। निर्दल चुनाव लड़ेंगे। शायद यह निर्णय भाजपा के लिए खाई ना बन जाए। भाजपा की जिले की राजनीति में काफी गर्माहट देखी जा रही है। यही हाल रहा तो लोकसभा चुनाव 2024 का क्या होगा। निकाय चुनाव तो एक तरह से सेमी फाइनल है।

Explore our articles