spot_img

Mirzapur : अब विंध्य पर्वत पर त्रिकोण परिक्रमा की राह होगी सुगम, टोल टैक्स फ्री

त्रिकोण परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं को देना पड़ता था टोल टैक्स

जिलाधिकारी की पहल पर श्रद्धालुओं को अधिकतम तीन घंटे की मिली छूट

मीरजापुर : जगविख्यात विंध्यवासिनी धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए त्रिकोण परिक्रमा की राह अब आसान होगी। विंध्याचल-प्रयागराज मार्ग पर अष्टभुजा के पास लगे टोल प्लाजा पर श्रद्धालुओं को टैक्स देने की जरूरत नहीं है। वे टोल टैक्स फ्री त्रिकोण यात्रा कर सकेंगे।

दरअसल, विंध्याचल-प्रयागराज मार्ग पर अष्टभुजा गेट के पहले गोपालपुर गांव में लगाए गए टोल बूथ पर विंध्याचल त्रिकोण के दौरान अष्टभुजा मंदिर जाने वाले दर्शनार्थियों को टोल टैक्स देना पड़ता था परंतु अब त्रिकोण परिक्रमा के लिए टोल फ्री रहेगा, लेकिन दर्शनार्थी को अधिकतम तीन घंटे के अंदर दर्शन कर पुनः वापस आना होगा। तीन घंटे के बाद वापस आने पर टोल टैक्स देना होगा।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने त्रिकोण परिक्रमा के लिए अष्टभुजा जाने वाले यात्रियों की परेशानी के दृष्टिगत रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एनएचआई, एनएच लोक निर्माण विभाग एवं टोल बूथ मैनेजर के साथ बैठक कर यह निर्णय लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि त्रिकोण परिक्रमा के दौरान यात्रियों को अष्टभुजा जाने पर उन्हें टोल टैक्स भरना पड़ता था। ऐसे में यात्री टोल टैक्स फ्री करने की मांग कर रहे थे। इसके दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शिवप्रताप शुक्ल ने बताया कि अष्टभुजा जाने वाले दर्शनार्थियों के लिए तीन घंटे तक टोल फ्री रहेगा परंतु उन्हें अधिकतम तीन घंटे के अंदर पुनः टोल गेट से वापस आना होगा। यह छूट दर्शन करने वाले यात्रियों के लिए मात्र तीन घंटे के लिए मान्य होगा।

Explore our articles