
शिलांग : (Shillong) मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले (East Jaintia Hills district of Meghalaya) में एक अवैध कोयला खदान में हुए विस्फोट में हादसे के तीसरे दिन शनिवार को दो और शव बरामद हुए हैं। अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। घटनास्थल पर अभियान चला रहे एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।
यह विस्फोट गुरुवार (5 फरवरी) को उम्सनगट गांव के थांगस्कू इलाके में एक खदान में हुआ था, जिसके बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (National Disaster Response Force) (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (State Disaster Response Force) (SDRF), अग्निशमन समेत कई एजेंसियों द्वारा बड़े पैमाने पर तलाशी और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। घटना के पहले दिन 18 शव बरामद किए गए थे। दूसरे दिन 4 शव मिले थे।
एनडीआरएफ सूत्रों ने बताया है कि शनिवार काे दो और शव बरामद किए गए हैं, जिससे मरने वालों की कुल संख्या 24 हो गई है। इनमें से कुछ शवों की पहचान कर ली गई है। आठ घायलों का इलाज भी जारी है।
घटनास्थल पर तलाशी और बचाव अभियान जारी है, जिसमें एसडीआरएफ, विशेष बचाव दल और एनडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। अधिकारियों ने बताया कि आपातकालीन सहायता प्रदान करने के लिए मेडिकल टीमें और एम्बुलेंस पास में ही तैनात हैं।
एनडीआरएफ प्रथम बटालियन के कमांडेंट एचपी कंडारी, डेप्यूटी कमांडेंट एनके तिवारी (Deputy Commandant NK Tiwari), सीएमओ (OG) डॉ. मोफी और इंस्पेक्टर अनुराग कुमार सिंह (Dr. Mofi, and Inspector Anurag Kumar Singh) के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। आज लगभग 100 फीट गहरे अवैध कोयला खदान में अंदर लगभग 310 फुट अंदर रैट होल के अंदर से शवों को बाहर निकाला गया है।
सूत्रों ने बताया कि तलाशी अभियान अभी भी जारी है और बचे हुए पीड़ितों का पता लगाने और जल्द से जल्द पहचान प्रक्रिया पूरी करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे से प्रभावित तीन खदानों में से दो खदानों में तलाशी अभियान पूरा होने की जानकारी मिली है।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि सेना और वायु सेना को स्टैंडबाय पर रखा गया है, क्योंकि जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (state disaster management authority) स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं।


