मेरठ : (Meerut) मेरठ में पुलिस हिरासत से फरार प्रदेश के मोस्ट वांटेड पांच लाख के इनामी बदमाश बदन सिंह बद्दो (criminal Badan Singh Baddo) ने इंटरनेट मीडिया पर फिर से पोस्ट साझा की है। उसने पूर्व आईपीएस अधिकारी व भाजपा नेता बृजलाल पर खुद को बदमाश संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा हत्याकांड में फंसाने का आरोप लगाया।
मेरठ से फरार होने के पांच साल बाद भी पुलिस अभी तक बदन सिंह बद्दो को पकड़ नहीं पाई है और उस पर इनाम बढ़ता जा रहा है। पुलिस उस पर पांच लाख रुपए का इनाम घोषित कर चुकी है। इसके बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। मेरठ में उसकी कई करोड़ की संपत्ति को सील भी किया जा चुका है। इसके बाद भी बदन सिंह इंटरनेट मीडिया पर लगातार अपनी पोस्ट साझा करके पुलिस को चुनौती दे रहा है। अब फिर से बद्दो ने इंटरनेट मीडिया पर जारी की अपनी पोस्ट में संजीव जीवा हत्याकांड में खुद को निर्दोश बताया है। अपनी पोस्ट में उसने कहा कि मेरा नाम अमेरिकी राष्ट्रपति कैनेडी की हत्या में भी फांस देते।
उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी व भाजपा नेता बृजलाल पर निशाना साधते हुए बद्दो ने संजीव हत्याकांड में फंसाने का आरोप लगाया। इससे पहले भी वह बृजलाल पर कई आरोप लगा चुका है। जबकि बृजलाल भी बद्दो के भारत में ही होने की बात कहकर चर्चा में आ चुके हैं।


