पत्नी पुलिस पकड़ से अभी दूर
मथुरा : थाना हाइवे पुलिस ने 24 घण्टे के अन्दर लिपिक हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मृतक की स्कूटी भी बरामद की है। अभी पत्नी फरार है। उसको पकड़ने के लिए पुलिस दबिश मार रही है। यह जानकारी गुरुवार दोपहर एसएसपी ने पुलिस लाइन सभागार में दी है।
05 जुलाई को अरविन्द कुमार निवासी भटौटी धाना जवां जिला अलीगढ़ की ओर से थाने पर तहरीर दी गयी कि उसका छोटा भाई अनुराग चौधरी (42) आयकर विभाग में बड़े बाबू के पद पर मथुरा में कार्यरत था। अड्की रोड बलदाऊ घाग कालोनी थाना हाइवे में अपनी पत्नी मोनिका सिंह और दो बच्चों के साथ रहता था। वह 26/27 जून की रात समय करीब 12.00 बजे से घर से लापता है।
अरविन्द ने शक जाहिर किया कि उसका अपहरण उसकी पत्नी मोनिका सिंह की मिलीभगत से रविन्द्र उर्फ राहुल द्वारा किया गया है। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि मुखिबर की सूचना पर रविन्द्र उर्फ राहुल को धौली प्याऊ फाटक से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि रविन्द्र उर्फ राहुल बिजली का काम करता था। करीब एक साल पहले अनुराग के घर की वायरिंग का काम उसी ने किया था। तभी से उसका मृतक अनुराग चौधरी के घर पर आना जाना था और मृतक की पत्नी व अभियुक्त रविन्द्र दोनों के बीच अवैध सम्बन्ध बन गये थे। इसकी जानकारी अनुराग को हो गयी थी। इस बात को लेकर आये दिन शराब पीकर अनुराग द्वारा अपनी पत्नी के साथ मारपीट की जाती थी । यह बात मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी रविन्द्र को बताती थी तो रविन्द्र ने अनुराग को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और अपनी प्रेमिका (मृतक की पत्नी) को बताया तो वह उसके प्लान से सहमत हो गयी।
बनाये गये प्लान के मुताबिक 26/ 27 जून की रात रविन्द्र अनुराग के घर पहुँचा । अत्यधिक शराब पिलाकर अनुराग को घुमाने के बहाने उसकी ही स्कूटी पर बैठाकर कृष्णापुरी यमुना पुल पर ले जाकर धक्का मारकर अनुराग को यमुना में गिरा दिया। कोई उस पर शक न करे इस प्लानिंग के तहत मृतक की पत्नी द्वारा थाना हाईवे में 28 जून को अनुराग की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखायी गयी। 05 जुलाई को गोकुल बैराज के पास यमुना के किनारे एक शव मिला जिसकी शिनाख्त अपहृत के परिजनों ने अनुराग चौधरी के रूप में की गयी।
शव बरामद होने के उपरान्त शव का पोस्टमार्टम थाना सदर बाजार पुलिस ने कराया। फिर मुकदमा में धारा 302 की बढोत्तरी की गयी है। एसएसपी के अनुसार घटना में मृतक की पत्नी की संलिप्तता पायी गयी है जिसकी तलाश जारी है।