
मथुरा : थाना राया के अंतर्गत गांव कोयल-पिरसुओं के मध्य एक किलोमीटर के अंदर रेलवे ट्रैक पर चंद घंटों के अंतराल में अज्ञात युवक-युवती के शव मिला है। राया पुलिस दोनों के शवों की शिनाख्त में जुटी है। पुलिस आशंका है कि कहीं दोनों की मौत का आपस में कोई रिश्ता तो नहीं है।
गौरतलब हो कि बीती रात राया कासगंज रेलवे ट्रैक पर गांव पिरासुआ के समीप एक 24 वर्षीय युवती का शव पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची राया पुलिस ने मौका मुआयना किया। वहां मौजूद लोगों से शव की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन पहचान ना होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। उसके कुछ घंटे बाद मंगलवार सुबह कोयल फाटक के समीप रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना राया पुलिस को मिली। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अजय किशोर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अभी तक दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मात्र एक किलोमीटर के मध्य मिले युवक व युवती का शव मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। राया प्रभारी निरीक्षक अजय किशोर ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर दोनों की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।


