spot_img

Mathura : बिहारीजी ने भक्तों को दिए चरणों के दर्शन, शाम को श्रद्धालुओं ने किए सर्वांग दर्शन

मथुरा : अक्षय तृतीया पर रविवार को जन-जन के आराध्य ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के चरण दर्शन और शाम को सर्वांग दर्शन पाने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

श्रद्धालु अपने आराध्य के वर्ष भर में एक बार अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर सुबह चरण दर्शन की अभिलाषा लिए लालायित दिखे। अक्षय तृतीया पर रविवार को करीब 5 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं। दोपहर में मंदिर के बाहर 3 किमी. लंबी भक्तों की कतार है। 12 बजे तक करीब 2 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसके बाद कपाट बंद कर दिए गए। सुगंधित इत्र और पुष्पों से महकता मंदिर परिसर श्रद्धालुओं में बरबस ही आध्यात्मिक भावना का संचार कर रहा था। डीएम और एसएसपी खुद ही मंदिर प्रांगण में खड़े होकर श्रद्धालुओं को दर्शन करा रहे थे।

वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में अक्षय तृतीया का पर्व रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दूरदराज से आए श्रद्धालु ठाकुर जी के अद्भुत दर्शन पाकर धन्य हो गए। मंदिर परिसर का पूरा प्रांगण फूल बंगले से सजा हुआ है। वहीं, ठाकुर जी ने भी विशेष पोशाक के साथ मोर मुकुट, कचनी, बगल में बांसुरी, पैरों में चांदी की पायल और चंदन का लेप लगाकर भक्तों को दर्शन दिए। दूरदराज से आए लाखों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे। मानों मंदिर में भीनी-भीनी सुगंध और चंदन की आभा का वातावरण भक्तों को अपने आराध्य ठाकुर बांके बिहारी महाराज के श्रीचरणों की ओर खींचे ले जा रहा था। अक्षय तृतीया पर समय से कुछ पहले मंदिर के पट खुले संपूर्ण मंदिर प्रांगण ठाकुर बांके बिहारी लाल के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा। ठाकुर श्री बांके बिहारी महाराज को मंदिर सेवायतों ने पिछले कई दिन से तैयार किए जा रहे चंदन श्रृंगार में चंदन के साथ केसर, कर्पूर का लेप लगाकर ठंडक का अहसास कराया। देश और विदेशों से आए श्रद्धालु ठाकुर बांके बिहारी के चंदन प्रसाद को लेकर अपने को धन्य मान रहे थे। ठाकुरजी के दर्शन का यह क्रम सुबह और सायं कालीन बेला में चला। शाम को भी भक्तों की भीड़ संभाले नहीं संभली। मंदिर प्रांगण ठाकुर बांके बिहारी के जयकारों से गुंजायमान हो रहा है। वहीं शाम को ठाकुर बांके बिहारी महाराज सर्वांग दर्शन दिए।

Explore our articles