spot_img

मेरी क्यूरी का पत्र हेनरिटा को

नोवेल विजेता मेरी क्यूरी ने अप्रैल 1888 में हेनरिटा को यह पत्र लिखा। जिसमें उन्होंने अपने जीवन की कठिनाइयों को बयान किया है।

मुझे नए अनुभवों की ज़रूरत है

25 नवम्बर, 1888

मान्या हेनरिटा
मैं उदास काली छाया में जी रही हूं, क्योंकि हमारे इन दिनों की साथी हैं – तेज पछुआ हवाएं, बाढ़ और कीचड़। आज आकाश शायद कुछ मेहरबान है, परंतु चिमनी में से तेज़ हवाओं की सांय-सांय जारी है। हिमपात न होने से बर्फ का कहीं नामो-निशां नहीं है और हमारे स्केट्स अलमारी में टंगे टंगे धूल खा रहे हैं। तुम शायद इस बात से अनभिज्ञ होओगी कि इस प्रदेश में हिमपात, पाला और उससे जुड़े लाभ हमारे लिए उतने ही महत्वपूर्ण हैं, जितनी तुम गैलिशिया निवासी रूढ़िवादियों और प्रगतिवादियों की आपसी बहस। अरे! अरे ! कहीं ये मत समझ लेना कि तुम्हारी बातें मुझे ऊबाऊ लग रही हैं- उलटे, मुझे यह संतुष्टि हो रही है कि अभी भी कुछ स्थान और कुछ भौगोलिक क्षेत्र ऐसे हैं जहां लोग-बाग कर्मठ, गतिशील हैं और सोचते-विचारते भी हैं। एक तरफ तुम ऐसे आंदोलन के केंद्र में स्थित हो और दूसरी तरफ मेरा अस्तित्व उस घोंघे जैसा है, जो नदी के गंदले पानी में आवाजाही में लीन है। सौभाग्य से मैं जल्दी ही इस अकर्मण्यता से निजात पा जाऊंगी। जब तुम मुझे देखोगी तो जान पाओगी कि ये वर्ष जो मैंने इधर के इंसानों के बीच गुजारे हैं उनसे है मेरा भला हुआ है या नहीं। हर कोई कहता है कि मैं अच्छी-खासी बदल गई हूं- शारीरिक रूप से और मानसिक रूप से भी इसमें आश्चर्य जैसा कुछ नहीं है। जब मैं यहां आई थी तो मात्र अठारह की थी और इस बीच मैं किन-किन हालात से नहीं गुजरी हूं? यहां ऐसे क्षण भी आए हैं, जिन्हें मैं अपने जीवन के क्रूरतम क्षणों में शुमार करना चाहूंगी। उन्हें निश्चित रूप से मेरे जीवन के क्रूरतम क्षणों में गिना जा सकता है…मुझ पर हर बात का आघात बहुत तेजी से होता है – शारीरिक आघात पर मैं अपने आप को जब थोड़ा झिंझोड़ती हूं तो मेरे स्वभाव की ओजस्विता जीत जाती है और मुझे लगने लगता है कि मैं किसी दुःस्वप्न से जाग गई हूं… पहला सिद्धांत – अपने आत्मबल पर किसी व्यक्ति या घटना को हावी मत होने दो।
मेरे अवकाश के, प्रस्थान के दिनों-पलों की उलटी गिनती जारी है जब मेरे और प्रियजनों के बीच की दूरी मिट जाएगी!
मुझे नए अनुभवों की जरूरत है, गतिविधियों और जीवन में बदलाव की जरूरत है। यह जरूरत कभी-कभार मुझे इस क़दर जकड़ लेती है कि मैं बड़ी से बड़ी मूर्खता में अपने-आप को झोंक देने का मन बना लेती हूं। वह भी सिर्फ़ इस आशा में कि मेरी जिंदगी निरंतर एकरस या ऊबाऊ न बनी रहे। सौभाग्य से मेरे पास करने के लिए इतना काम है कि ऐसे दौरे मुझे यदा-कदा ही पड़ते हैं। यहां पर यह मेरा अंतिम वर्ष है, इसलिए मुझे और ज्यादा और कड़ा परिश्रम कर बच्चों को परीक्षा में अच्छी सफलता दिलानी है।
— मेरी

Kolkata : युवाओं से धोखा और लाइन में खड़ा करने की राजनीति कर रही ममता सरकार : शुभेंदु

कोलकाता : (Kolkata) पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी (Leader of the Opposition in the West Bengal Assembly, Shubhendu Adhikari) ने सोमवार...

Explore our articles