spot_img

Manuni Khad flood accident : एक और शव बरामद, अब तक छह शव मिले

धर्मशाला : (Dharamshala) बादल फटने की घटना के बाद जिला कांगड़ा के मुख्यालय धर्मशाला की मनूनी खड्ड (Manuni Khad of Dharamshala) में आई बाढ़ की चपेट में बहे मजदूरों में से आज तीसरे दिन एक और शव बरामद हुआ है। अभी तक इस घटना में छह शव बरामद कर लिए गए हैं जबकि एक को जीवित रेस्क्यू किया गया है। इस हादसे में छठे शव की अभी पहचान नही हो पाई है। वहीं हादसे में मारे गए छह में से पांच की पहचान जो चुकी है जबकि आज सुबह मिले शव की पहचान अभी नही हो पाई है। उधर आज दिन में फिर बारिश की बजह से रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा है।

रेस्क्यू किए गए चंबा के लवली (Lovely of Chamba) ने बताया कि वह इंदिरा प्रियदर्शनी हाइड्रल प्रोजेक्ट सोकणी दा कोट प्रोजेक्ट में काम कर रहा है। जिस वक्त नाले में शेड बहा, उस दौरान शेड में 13 मजदूर दिन का खाना खा रहे थे। वह खुद नाले में आवाज सुनकर जंगल की तरफ भागा और अपनी जान बचाई। घटनास्थल के पास से 2 शव बुधवार शाम, 3 शव गुरुवार और एक शव आज सुबह मिला है। इन 6 शवों के अलावा एक मजदूर यहां से रेस्क्यू किया गया है।

उधर लवली के मुताबिक, लापता मजदूरों की संख्या 6 हो सकती है। हालांकि सरकार 4 लोग लापता बता रही है। वहीं मृतकों में आदित्य ठाकुर (20) सुपुत्र शिव कुमार निवासी राख तहसील और जिला चंबा, चैन सिंह (20) सुपुत्र मुखाराम निवासी कुमाहारी तहसील भाल्ला जिला डोडा जम्मू कश्मीर, प्रदीप वर्मा (50) सुपुत्र राम कांत वर्मा निवासी सोहनपुर देवरिया उत्तर प्रदेश तथा चंदन वर्मा (35) सुपुत्र प्रदीप वर्मा निवासी सोहनपुर देवरिया उत्तर प्रदेश तथा संजय सुपुत्र हरबंस निवासी पांकुरा डाकखाना नांगल तहसील फतेहपुर जिला कांगड़ा शामिल हैं। वहीं रेस्क्यू दल ने एक व्यक्ति को जिंदा बचा लिया है। जिसकी पहचान लवली (20) सुपुत्र सुरमा राम निवासी पूना डाकखाना सुनारा तहसील धरवाला जिला चंबा के रूप में हुई है। वह भागकर जंगल की तरफ चला गया था। एसएसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री (SSP Kangra Shalini Agnihotri) ने यह पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि वहीं लापता अन्य लोगों को खोजने के लिए युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला हुआ है। सुरक्षा के दृष्टिगत पावर प्रोजेक्ट (power project) में कार्यरत बाकी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। जिला प्रशासन पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। लापता व्यक्तियों की खोज के लिए सर्च ऑपरेशन को और अधिक तेज कर दिया गया है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार युद्धस्तर पर जारी है। घटनास्थल पर राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की दो टुकड़ियाँ तथा होम गार्ड की एक टीम तैनात है और निरंतर सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।

गौर हो कि मनूनी खड्ड की बाढ़ की चपेट में आने से करीब 13 लोग चपेट में आ गए थे, जिसमें पांच लोग अपनी जान बचाकर जंगल की तरफ भाग गए थे, वहीं आठ लोग बाढ़ की चपेट में आने से लापता हुए थे। इसमें चार लोग शाम को वापिस सुरक्षित स्थान में पहुंच गए थे, जबकि चंबा के लवली जंगल की तरफ भागते देखे गए थे, उन्हें सुबह सुरक्षित रेस्कूय किया गया था। इस घटना में अब तक कुल छह शवों को खोज लिया गया है, जबकि तीन शवों को खोजने का अभियान चल रहा है।

उधर उपायुक्त कांगड़ा हेम राज बैरवा (Deputy Commissioner Kangra Hem Raj Bairwa) ने बताया कि धर्मशाला के खनियारा में मनूनी खड्ड में प्रोजेक्ट में बहे मजूदरों की खोज को अभियान जारी है। जिसमें छह शवों को बरामद कर लिया गया है, इनका पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। छठे शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। अन्य लापता लोगों को खोजने का भी प्रयास चल रहा है।

Explore our articles