spot_img

Mandsaur : 100 फीसदी महिला स्टॉफ करवाएगा मतगणना, कांग्रेस ने ली आपत्ति

मंदसौर : जिले में प्रशासन द्वारा मतगणना को लेकर किए जा रहे नवाचार पर कांग्रेस ने आपत्ति ली है। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर मंदसौर को पिंक काउंटिंग स्थल नहीं बनाने की मांग की है।

दरअसल मंदसौर जिला कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने मतगणना के दिन मंदसौर में एक नवाचार करने का निर्णय लिया है। जिसमें मतों की गिनती का पूरा काम महिलाएं करेंगी। गणना, पर्यवेक्षक, माईक्रो आब्जर्वर, डाक मतपत्र गणना सहायक, गणना सहायक जैसी जिम्मेदारी महिला कर्मियों को दी गई है। इस तरह 275 नामों की सूची भी जारी हो गई है, जो सभी महिलाएं हैं। यानि 100 फीसदी महिला स्टॉफ सुबह 7 बजे से 22 राउंड की काउंटिंग, नतीजे घोषित होने तक तैनात रहेगा।

प्रशासन के निर्णय पर कांग्रेस ने आपत्ति लेते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी भोपाल को पत्र लिखा है। जिसकी प्रतिलिपी पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को भी भेजी गई है। पत्र में लिखा गया है कि मंदसौर कलेक्टर द्वारा नवाचार के नाम पर मंदसौर जिले को पिंक काउंटिंग केन्द्र बनाया जाकर उसमें शत-प्रतिशत महिलाओं की नियुक्ति की जा रही है। पूरे प्रदेश में केवल मंदसौर जिले में ही महिला कर्मचारियों की नियुक्ति की जाकर इस प्रकार का प्रयोग किया गया है। जिसमें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां महिला कर्मचारियों को दी जा रहीं है। महिला कर्मचारियों को काउंटिंग कार्य का पर्याप्त अनुभव नहीं है। इस नवाचार से मतगणना कार्य एवं परिणाम प्रभावित होने की आशंका है। इसलिए मतगणना कार्य के अनुभवी रहे पुरूष एवं महिला कर्मचारियों की मतगणना हेतु नियुक्ति की जाए।

Explore our articles