spot_img

Lucknow : हमें अपने परम्परागत खेलों को बढ़ावा देना चाहिए : आनंदीबेन पटेल

राज्यपाल ने परम्परागत खेल प्रतियोगिता के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से राजभवन में चल रही राजभवन परम्परागत खेल प्रतियोगिता-2023 का समापन समारोह राजभवन के छोटे लॉन में किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर अपने सम्बोधन में राज्यपाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि हमें अपने सभी परम्परागत खेलों को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल सभी के व्यस्तम जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए हम सभी को प्रतिदिन पूरे दिन में से खेल के लिए थोड़ा समय अवश्य निकालना चाहिए। क्योंकि इससे व्यक्ति मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ्य रहता है।

राज्यपाल ने कहा कि हमें स्वस्थ्य रहने के लिए अपने खानपान पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उचित होगा कि हम अपने खानपान में मोटे अनाज का सेवन करें। यदि हमारा खानपान और दिनचर्या सुव्यवस्थित होगी और योग को अपने जीवन में शामिल करेंगे तो हम हमेशा स्वस्थ्य रहेंगे।

इस अवसर पर राज्यपाल के विशेषकार्याधिकारी शिक्षा पंकज जानी ने बताया कि राजभवन खेल प्रतियोगिता में कुल 15 परम्परागत खेलों को शामिल किया गया। इसमें कुल 1097 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 200 महिलाएं शामिल थीं।

परम्परागत खेल प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न खेलों में 54 खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसमें 16 महिलाएं और 38 पुरुष शामिल थे। परम्परागत खेल प्रतियोगिता पर प्रकाश डालते हुए विशेष कार्याधिकारी ने बताया कि परम्परागत खेल हमारी धरोहर है। हमारे धार्मिक ग्रन्थों में भी इनका उल्लेख मिलता है। आज लोग इन्हें भूलने लगे हैं।

राज्यपाल की प्रेरणा से राजभवन प्रांगण में गत तीन वर्षों से इन परम्परागत खेलों का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हो रहा है।

राज्यपाल की प्रेरणा से केवल राजभवन में ही नहीं अपितु प्रदेश के विश्वविद्यालयों में भी परम्परागत खेलों का आयोजन एवं प्रतियोगिताएं हो रही हैं और यह बेहद लोकप्रिय भी हुई हैं।

खेल प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पदक जीतने वालों में शानू बरतवाल तथा रूमी ने सर्वाधिक पदक जीते। इस अवसर पर दोनों खिलाड़ियों ने टीबी रोग ग्रसित मरीज के पोषण हेतु फल एवं पोषण सामग्री की टोकरी राज्यपाल जी को भेंट की, जिसे टीबी रोग ग्रसित बालिका को राज्यपाल ने भेंट किया।

परम्परागत खेल प्रतियोगिता में 25 वर्षीय राघवेन्द्र प्रताप ने लम्बी कूद में 16.2 फिट की छलांग लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि 8 वर्षीय आलोक कुमार ने लम्बी कूद में 8.8 फिट की लम्बी छलांग लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी कड़ी में 45 वर्षीय अजय कुमार सिंह ने गोला फेक प्रतियोगिता में 42.3 फिट दूर गोला फेककर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर राज्यपाल की अपर मुख्य सचिव कल्पना अवस्थी, विशेष सचिव बद्रीनाथ सिंह, विधि परामर्शी प्रशान्त मिश्रा सहित राजभवन के समस्त अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं बच्चे उपस्थित थे।

Explore our articles